टोल के लिए रोका तो रोडवेज ड्राइवर ने कुचलकर मार डाला, नौकरी के पहले दिन ही जान गंवा बैठा टोलकर्मी
उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि नौकरी का पहला दिन उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन जाएगा। चंद रुपए का टोल बचाने के लिए एक रोडवेज ड्राइवर ने 22 साल के कपिल को बस से कुचलकर मार डाला। शुक्रवार को वह पहले ही दिन ड्यूटी पर आया था और इस भयंकर हादसे में उसकी मौत हो गई।

उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि नौकरी का पहला दिन उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन जाएगा। चंद रुपए का टोल बचाने के लिए एक रोडवेज ड्राइवर ने 22 साल के कपिल को बस से कुचलकर मार डाला। शुक्रवार को वह पहले ही दिन ड्यूटी पर आया था और इस भयंकर हादसे में उसकी मौत हो गई।
हरियाणा में बहादुरगढ़ के रोहद टोल प्लाजा पर हरियाणा रोडवेज की एक बस ने एक टोल कर्मचारी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को रोहतक पीजीआई लाया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 22 साल के कपिल पुत्र आनंद के रूप में हुई है। शुक्रवार को वह पहले ही दिन ड्यूटी पर आया था और इस भयंकर हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बस लेकर फरार हो गया ड्राइवर
हांसी डिपो की रोडवेज बस दिल्ली के लिए निकल रही थी। बस को हांसी के गढ़ी गांव का विश्वजीत चला रहा था। बस जब रोहद टोल प्लाजा पर पहुंची तो ड्राइवर विश्वजीत ने बिना टोल दिए बस को ले जाने लगा। बस को रुकवाने के लिए जब कपिल बस के आगे खड़ा हो गया तो उसने कपिल को सीधी टक्कर मारते हुए कुचल दिया और बस लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कपिल को पीजीआई लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज करके कार्रवाई करेगी।
पहले दिन ही गंवा बैठा जान
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में बस ड्राइवर टोल कर्मी को टक्कर मारते हुए नजर आ रहा है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने हरियाणा रोडवेज ड्राइवर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। मृतक कपिल सांपला का रहने वाला था। रोहद टोल प्लाजा का टेंडर हाल ही में राजस्थान की एक कंपनी ने लिया था। यह कंपनी नए कर्मचारियों की भर्ती कर रही थी, जिनमें कपिल भी शामिल था। कपिल ने आज ही नौकरी जॉइन की थी। नौकरी के पहले ही दिन उसकी मौत हो गई।
हादसे से टोल कर्मचारियों में गुस्सा
वहीं, टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों ने कहा कि कई बार वाहन चालक टोल शुल्क बचाने के लिए लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे गंभीर हादसे होते हैं। टोल कर्मचारियों को अपनी जान हथेली पर रख कर नौकरी करनी पड़ती है।
पिछले साल भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। सोहना-गुरुग्राम हाईवे स्थित घमरोज टोल प्लाजा पर एक हरियाणा रोडवेज बस ने टोल प्लाजा के एक कर्मचारी को कुचल दिया था। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


