Hindi Newsएनसीआर Newsharyana gangster aman bhainswal deported from us to india
अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल

अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल

संक्षेप:

हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को बुधवार को भारत लाने में सफलता हासिल की है। हिमांशु भाऊ गैंग का है शार्प शूटर।

Jan 07, 2026 01:14 pm ISTSudhir Jha हिन्दुस्तान, गौरव चौधरी, गुरुग्राम
share Share
Follow Us on

हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को बुधवार को भारत लाने में सफलता हासिल की है। हिमांशु भाऊ गैंग के इस शार्प शूटर को इंटरपोल और गृह मंत्रालय के सहयोग से अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही एसटीएफ की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

फर्जी पासपोर्ट के सहारे पहुंचा था अमेरिका

मूल रूप से सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां निवासी अमन भैंसवाल पर हत्या और रंगदारी समेत 10 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अमन ने दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक फर्जी पते पर 'अमन कुमार' के नाम से पासपोर्ट बनवाया और साल 2025 में चकमा देकर अमेरिका फरार हो गया था। एसटीएफ ने इस मामले में गोहाना सदर थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर इसकी जानकारी इंटरपोल को साझा की थी।

हलवाई से एक करोड़ की रंगदारी और फायरिंग में था नाम

अमन भैंसवाल का नाम हाल ही में रोहतक के सांपला में 'सीताराम हलवाई' की दुकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में प्रमुखता से आया था। इस हमले के दौरान बदमाशों ने एक पर्ची फेंककर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिस पर अमन भैंसवाल ग्रुप का नाम लिखा था। इसके अलावा गोहाना के 'मातूराम हलवाई' कांड में भी उसकी संलिप्तता के सबूत मिले थे। वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करता था।

STF की 'हंटिंग' लिस्ट में था शामिल

हरियाणा एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, अमन भैंसवाल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उसके अन्य साथियों और विदेशों में बैठे आकाओं के नेटवर्क का खुलासा हो सके। गौरतलब है कि हरियाणा एसटीएफ अब तक विदेश भाग चुके 8 से ज्यादा बड़े गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफल रही है, जिनमें मनपाल और जोगेंद्र ग्योग जैसे नाम शामिल हैं।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।