
नोट देने के बहाने डांसर संग गंदी हरकत,रोकने पर बुरी तरह पीटा; हरियाणा का वीडियो वायरल
हरियाणा के नूंह में एक डांसर के साथ ना पहले गंदी हरकत की गई बल्कि विरोध करने पर उसे पूरी तरह पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डांसर एक शादी से पहले के एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने पहुंची थी।
हरियाणा के नूंह में एक डांसर के साथ ना पहले गंदी हरकत की गई बल्कि विरोध करने पर उसे पूरी तरह पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डांसर एक शादी से पहले के एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने पहुंची थी। दूल्हे के के रिश्तेदारों के साथ वह नाच रही थी, तभी एक शख्स ने पैसे देने के बहाने उसे गलत तरीके से छुआ। डांसर ने उसका हाथ झटका और थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया। इससे भड़के शख्स ने उसकी जमकर पिटाई कर डाली। किसी तरह उसे वहां से निकाला जा सका।

पूरी घटना को किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक आदमी हाथ में नोट लिए हुए डांसर के करीब नाच रहा है। वह शख्स नोट देने के बहाने अपना हाथ डांसर के शरीर तक ले जाता है। डांसर अचानक हुई इस हरकत को फुर्ती से रोकती है। वह आरोपी का हाथ झटक देती है और उसे थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाती है। अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हुआ शख्स डांसर को पीटने लगता है। वह ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ता है। डांसर भीड़ में गिर जाती है और उसे लगातार पीटा जाता है।
पीड़ित के साथ परफॉर्म कर रहीं दो और डांसर और उसके अन्य साथी जब इसका विरोध करते हैं तो उन्हें भी पीटा गया। एक शख्स लाठी से भी हमला करता दिख रहा है। डांसर्स को किसी तरह भीड़ के चंगुल से निकाला गया। पुलिस का कहना है कि पंचगांव में हुई इस घटना की जांच की जा रही है। अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
इस घटना के बाद कई डांसर्स ने पीड़िता के हक में आवाज उठाई और गलत हरकत के विरोध में हिम्मत दिखाने के लिए तारीफ की। नूंह की एक और डांसर बिल्ली ने कहा, 'इन कलाकारों को शर्मिंदा नहीं होना चाहिए। वह भी किसी की बहन और बेटी है और उन्हें ट्रोल नहीं करना चाहिए।'डांसर रेनू जांगड़ा ने कहा कि क्यों अपनी आजीविका के लिए परफॉर्म करने वाले कलाकारों को बदनाम किया जाता है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाना अस्वीकार्य है।





