हरियाणा के सीएम ने दिल्ली में यमुना का पानी पीया, केजरीवाल के जहर मिलाने के आरोप का दिया जवाब

Jan 29, 2025 06:47 pm ISTSourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share

  • AAP ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा पर जानबूझकर औद्योगिक कचरे को यमुना में बहाने का आरोप लगाया था, केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि वह नदी में 'जहर मिलाकर' लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।

हरियाणा के सीएम ने दिल्ली में यमुना का पानी पीया, केजरीवाल के जहर मिलाने के आरोप का दिया जवाब

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को दिल्ली के पल्ला गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना नदी के तट पर जाकर वहां से पानी पीया। अपने इस कदम के जरिए सैनी ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत उनकी पार्टी के नेताओं को उस आरोप का जवाब देने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने हरियाणा भाजपा पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। यमुना का पानी पीकर उन्होंने बताया कि पानी में जहर नहीं है।

पहली बार में कुल्ला किया, दूसरी बार में पी लिया

यमुना का पानी पीते हुए नायब सिंह सैनी का वीडियो सामने आया है, उसमें वो दिल्ली सीमा पर स्थित पल्ला गांव के यमुना तट पर नंगे पैर जाते हैं, और फिर एक हाथ में पानी लेकर उसे मुंह में भरते हैं। पहली बार में वे पानी को चखकर कुल्ला कर देते हैं, वहीं एकबार फिर पानी हाथ में लेते हैं और इस बार पानी को पी जाते हैं। इसके बाद वे एक बार फिर पानी में हाथ डाल दोनों हाथों को गीला करते हैं, फिर उस पानी के छींटे अपने ऊपर डाल लेते हैं। इसके बाद बाहर आने से पहले वे दोनों हाथों में पानी लेकर तीन बार नदी को अर्घ्य देते हैं और फिर यमुना को प्रणाम कर बाहर आ जाते हैं।

सैनी बोले- आतिशी नहीं आईं, कोई नया झूठ रच रही होंगी

यमुना का पानी पीने के बाद नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया हरियाणा की सीमा पर। आतिशी जी तो आईं नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फ़रेबियों को पहचान चुकी है। 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है। दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सज़ा देंगे क्योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है।’

आतिशी ने कहा था- साथ चलते हैं

इससे पहले बुधवार को इसी मसले पर दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हरियाणा के सीएम सैनी को टैग करते हुए लिखा था, 'नायब सैनी जी मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।'

सैनी ने दिया था जवाब- आपका स्वागत है

फिर सैनी ने आतिशी को जवाब देते हुए लिखा था, 'AAP-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो ज़हर (अमोनिया) नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जरूर जहर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।'

बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना नदी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था, और इससे कई लोगों के मरने की आशंका जताई थी।

केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ‘लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे।’

'पानी में जहर मिलाकर भेजा जा रहा'

आगे केजरीवाल ने लिखा था, 'क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो ज़हर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ़ भी नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाक़ों में पानी बंद करना पड़ रहा है। हमारी कोशिश है कि लोगों को कम से कम तकलीफ़ हो। बीजेपी वाले दिल्ली वालों की सामूहिक हत्या करना चाहते हैं। हम ये बिल्कुल नहीं होने देंगे।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।