
DU कॉलेज में प्रिंसिपल के बेटे की शादी! हॉस्टल को बनाया गेस्ट हाउस; छात्रों ने मचाया हंगामा
दिल्ली यूनिवर्सिटी का हंसराज कॉलेज इन दिनों विवादों में है। कॉलेज की प्रिंसिपल के बेटे की शादी के लिए स्पोर्ट्स ग्राउंड में टेंट लगाने और सालाना खेल प्रतियोगिता रद्द करने के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी का हंसराज कॉलेज इन दिनों पढ़ाई या स्पोर्ट्स नहीं, बल्कि एक 'शाही शादी' को लेकर सुर्खियों में है। कॉलेज के खेल के मैदान को शादी के पंडाल में बदल दिया गया है। मामला कॉलेज की प्रिंसिपल रमा शर्मा के बेटे की शादी का है, जिसके खिलाफ छात्रों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
'खेलो हंसराज' कैंसिल, अब बजेगी शहनाई
छात्रों का गुस्सा तब फूटा जब उन्हें पता चला कि उनका सालाना स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 'खेलो हंसराज' अचानक रद्द कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट 4 फरवरी से 27 फरवरी तक चलना था। छात्रों ने आरोप लगाया कि जब वे ग्राउंड पर पहुंचे, तो देखा कि वहां टेंट लग रहे हैं और सजावट चल रही है। एक छात्र ने बताया, 'हमें बिना कोई कारण बताए खेल रद्द कर दिए गए। बाद में पता चला कि यह तैयारी प्रिंसिपल के बेटे की शादी के लिए हो रही है, जो 10 फरवरी को होनी है।'
खंडहर हॉस्टल रातों-रात बना 'गेस्ट हाउस'
इस विवाद में एक और चौंकाने वाला मोड़ है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज का बॉयज हॉस्टल, जिसे पिछले साल यह कहकर खाली करा लिया गया था कि उसकी इमारत जर्जर और रहने लायक नहीं है, अब वही हॉस्टल शादी के मेहमानों के लिए गेस्ट हाउस बन गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा, 'जिस बिल्डिंग को खराब बताकर हमें निकाला गया था, आज उसे मेहमानों के लिए सजाया जा रहा है।'
कार्ड पर लिखा है 'गेट नंबर 5'
विरोध को हवा तब और मिली जब शादी का कार्ड सामने आया। एक प्रोफेसर द्वारा साझा किए गए निमंत्रण पत्र में शादी का वेन्यू साफ-साफ 'गेट नंबर 5, हंसराज कॉलेज' लिखा है। सजावट के चलते छात्रों को अब मेन गेट की जगह टीचर फ्लैट्स के रास्ते से लंबा चक्कर लगाकर क्लास जाना पड़ रहा है।
बवाल के बाद झुका प्रशासन?
हंगामे के बाद देर शाम कॉलेज प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। प्रशासन ने एक पत्र जारी कर छात्रों की मांगें मान ली हैं। विरोध करने वाले किसी भी छात्र पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होगी। हॉस्टल परिसर में मेहमानों को नहीं ठहराया जाएगा। 14 फरवरी तक स्पोर्ट्स बजट का पारदर्शी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा।





