काम की बात: नोएडा में हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93A एल्डिको सोसाइटी तक बनेगा 3 KM लंबा मॉडल रोड

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा प्राधिकरण हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93ए की एल्डिको सोसाइटी तक की करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क को 35 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल रोड बनाएगा। इस रोड से आसपास के सेक्टरों और सोसाइटियों में रहने वालों को राहत मिलेगी।

नोएडा में हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93A एल्डिको सोसाइटी तक बनेगा 3 KM लंबा मॉडल रोड

नोएडा में हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93ए एल्डिको सोसाइटी तक मॉडल रोड बनाई जाएगी। यह सड़क करीब तीन किलोमीटर लंबी है। इसको बनाने में करीब 35 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने इसके लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि करीब एक महीने में सड़क बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा। मॉडल रोड के हिस्से में लैंड स्केपिंग, आकर्षक लाइटें, बैठने के लिए बेहतर बैंच समेत अन्य काम कराए जाएंगे। यह लोगों के परिवार सहित घूमने के लिए भी बेहतर स्थान होगा। यह सड़क नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के बराबर में है।

अधिकारियों ने बताया कि फुटपाथ पर छाया के लिए पेड़ होंगे और बैठने के लिए बेंच लगवाई जाएंगी। इसके साथ ही खाली और कच्ची जगह में घास भी लगेगी। पैदल चलने वाले सुरक्षित सड़क पार कर सकें, इसके लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनवाई जाएंगी। दिव्यांगों के लिए फुटपाथ पर चढ़ने को विशेष रैंप बनवाए जाएंगे। शाम को यहां पर रोशनी के लिए होने वाली लाइटिंग से सजावट भी होगी। बिजली के डेकोरेटिव और कम ऊंचाई वाले पोल लगवाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को सीईओ ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब कमेटी, प्रशासनिक सहमति समेत कुछ और औपरचारिताएं एक महीने में पूरी कर ली जाएंगी।

सेक्टर-126 की मॉडल रोड पर काम चल रहा

प्राधिकरण सेक्टर-126 में आईटी कंपनियों के बीच करीब 450 मीटर की मॉडल रोड बनवा रहा है। प्राधिकरण ने इस मॉडल रोड का काम शुरू करा दिया है। प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि परियोजना को आईटी कंपनी के कर्मियों की सुविधाओं को देखते हुए तैयार करवाया गया है।

दस मॉडल रोड बनाने की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब दस मॉडल रोड बनाई जानी प्रस्तावित है। हर वर्क सर्किल में एक-एक मॉडल सड़क बनाई जानी प्रस्तावित है। सिविल के हिसाब से शहर में दस वर्क सर्किल हैं। मॉडल रोड बनाने की प्रक्रिया अलग-अलग स्तर पर चल रही है। अगले कुछ महीनों में मौके पर काम नजर आने लगेगा।

सड़कों पर कैमरे लगाने की मांग

वहीं, नोएडा सेवन एक्स सेक्टर के लोगों ने सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए विधायक पंकज सिंह को पत्र लिखा है। सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित कई अन्य मांगें की हैं। लोगों का कहना है कि सेक्टर-74, 75, 76, 77, 78, 79 सहित कई अन्य सड़कों पर कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में सड़क पर हादसा या कोई अपराध होने पर कोई निगरानी तंत्र नहीं है। सेक्टर-77 प्रतीक विस्टीरिया सोसाइटी के एओए के पूर्व अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि कई सड़कों पर फुटपाथ पर वैध और सुरक्षित तरीके से होर्डिंग्स और यूनिपोल लगाए गए हैं, इससे हादसे का खतरा है। फुटपाथ पर चलने वालों को भी दिक्कत हो रही है। इस बारे में प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक औ महाप्रबंधक को कई बार बताया गया, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।