गुरुग्राम में बेटे के सामने ट्रेन से जा कटी मां, लाश के हुए 100 से ज्यादा टुकड़े, मंजर देख सहम गए लोग

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में 47 वर्षीय एक महिला ने अपने जवान बेटे के सामने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना में महिला की लाश के 100 से ज्यादा टुकड़े होकर एक किलोमीटर दूर तक फैल गए। इस खौफनाक मंजर देख सभी लोग सहम गए।

गुरुग्राम में बेटे के सामने ट्रेन से जा कटी मां, लाश के हुए 100 से ज्यादा टुकड़े, मंजर देख सहम गए लोग

गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू और बसई रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। एक महिला ने अपने 22 वर्षीय बेटे के सामने दिल्ली से जैसलमेर जा रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि महिला की लाश के 100 से ज्यादा टुकड़े हो गए, जो पटरी पर करीब एक किलोमीटर दूर तक फैल गए। इस खौफनाक मंजर को देखकर महिला का बेटा और मौके पर मौजूद सभी लोग सहम गए।

मृतक महिला की पहचान 47 वर्षीय सविता के रूप में हुई है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शनिवार को महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को दी सूचना

जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को दिल्ली से जैसलमेर जाने वाली स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से रवाना होकर रेवाड़ी की तरफ जा रही थी। जैसे ही ट्रेन बसई और गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के बीच पहुंची, तभी एक महिला अचानक पटरी पर ट्रेन के सामने आ गई। ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत हो चुके शव के हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया।

चार महीने पहले पति की कैंसर से हुई मौत

पुलिस जांच में सामने आया है कि सविता के पति की चार महीने पहले ही कैंसर से मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद से ही वह सदमे में थी और मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी अवसाद में उसने शुक्रवार शाम को 22 साल के बेटे के सामने यह कदम उठा लिया। बेटा अपनी मां को रोकने की कोशिश करता, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था।

परिजनों से पूछताछ जारी

शनिवार दोपहर को डॉक्टरों के पैनल द्वारा मृतक महिला सविता के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। जीआरपी के जांच अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पति की मौत के बाद उपजे मानसिक तनाव और आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, घटना के अन्य पहलुओं और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मृतका के बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों से गहन पूछताछ की जा रही है।

प्लॉट के विवाद में परिवार से मारपीट

वहीं, एक अन्य मामले में गुरुग्राम के हरि नगर में 30 वर्ग गज के एक प्लॉट के विवाद में बहू के मायके वालों द्वारा सास और जेठ के साथ मारपीट करने का आरोप है। हमलावरों ने देवर पर चाकू से वार किया और सास को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर कार चढ़ा दी, इससे महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। इस मारपीट में पीड़ित महिला के दोनों बेटे भी घायल हुए हैं। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।