काम की बात: गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन-मेट्रो चलाने का प्लान तैयार, जानें रूट, कहां कितने बनेंगे स्टेशन

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम/फरीदाबाद, दीपक आहूजा
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक अगले कुछ वर्षों में एक ही ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो एक साथ दौड़ती दिखाई दे सकती हैं। इसके लिए प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार हो गई है। इस पर अब हरियाणा सरकार की मंजूरी का इंतजार है। 

गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन-मेट्रो चलाने का प्लान तैयार, जानें रूट, कहां कितने बनेंगे स्टेशन

गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन और मेट्रो ट्रेन चलाने की परियोजना तैयार हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इस परियोजना की डीपीआर को मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार को भेज दिया है।

डीपीआर के मुताबिक, इस परियोजना के तहत 22 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें से सात स्टेशन नमो भारत के होंगे, जबकि 15 स्टेशन मेट्रो के बनाए जाएंगे। इफ्को चौक पर गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा और सराय काले खां से बावल तक नमो भारत ट्रेन का इंटरचेंज स्टेशन होगा। परियोजना के निर्माण पर 19 हजार 390 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब 63 किमी लंबी इस परियोजना में 50 किमी हरियाणा का हिस्सा होगा, जबकि 13 किमी उत्तर प्रदेश का हिस्सा होगा।

gurugram to greater noida metro route map

परियोजना के मुताबिक गुरुग्राम और फरीदाबाद में नमो भारत के पांच स्टेशन होंगे। गुरुग्राम में सेक्टर-61 और सेक्टर-58 चौक, ग्वाल पहाड़ी में दो स्टेशन बनेंगे, जबकि फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक और सेक्टर-87-88 चौक पर तीन स्टेशन बनेंगे। नोएडा में सेक्टर-142 और सेक्टर-168 चौक व ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर में दो स्टेशन तैयार किए जाएंगे। वहीं, नमो भारत ट्रैक पर गुरुग्राम में पांच मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे फरीदाबाद में सात मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना है।

डीपीआर पर आपत्ति और सुझाव लिए जाएंगे

एचएमआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि जीएमडीए, एचएसवीपी, गुरुग्राम नगर निगम के अलावा फरीदाबाद के विभागों से इस डीपीआर पर आपत्ति और सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद इसको मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। ताकि, जल्द इसपर काम शुरू किया जा सके।

बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन से जुड़ेगी

एनसीआरटीसी की गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत और मेट्रो परियोजना, दिल्ली के सराय काले खां से बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन मार्ग से इफ्को चौक पर मिलेगी। इफ्को चौक पर इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होगा। इससे रेवाड़ी, धारूहेड़ा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक आवागमन आसान होगा।

केएफडब्ल्यू बैंक के अफसरों ने ली मेट्रो प्रोजेक्ट की जानकारी

वहीं, जर्मनी के केएफडब्ल्यू विकास बैंक के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ऑफिस का दौरा किया। इस बैंक से जीएमआरएल ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के लिए ऋण मांगा है। सूत्रों के मुताबिक करीब एक हजार करोड़ रुपये ऋण देने का आग्रह किया है। केएफडब्ल्यू ने परियोजना की आवश्यकताओं, वित्तपोषण व्यवस्था, खरीद प्रक्रियाओं, पर्यावरणीय एवं सामाजिक सुरक्षा उपायों, कार्यान्वयन समय-सीमा तथा परियोजना की समग्र तैयारी की जानकारी हासिल की। जीएमआरएल के निदेशक रजत वर्मा, एसआर सांगवा, राजेश चतुर्वेदी ने परियोजना की योजना एवं डिजाइन, खरीद रणनीति, कार्यान्वयन कार्यक्रम, तकनीकी विनिर्देशों, वित्तीय आवश्यकताओं, संस्थागत व्यवस्थाओं व प्रस्तावित वित्तीय सहायता की जानकारी बैंक प्रतिनिधियों से साझा की। इससे पहले गुरुवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने जीएमडीए के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी से मुलाकात की।

इंटरचेंज की संभावनाओं का आकलन किया

प्रतिनिधिमंडल को बहु-माध्यमीय परिवहन व अंतिम छोर तक संपर्क से जुड़ी एक प्रेजेंटेशन दिया। इसमें यात्रियों के लिए निर्बाध एवं सुगम शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। मूल्यांकन मिशन के तहत इस प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना कॉरिडोर का व्यापक स्थलीय निरीक्षण भी किया। इनमें स्टेशन स्थल, इंटरचेंज स्टेशन, बस टर्मिनल, कास्टिंग यार्ड, सेक्टर-33 में प्रस्तावित डिपो के अलावा श्रमिक शिविर और बसई तालाब का दौरा शामिल था। प्रतिनिधिमंडल ने यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था, यात्री संख्या व डीएमआरसी की येलो लाइन के साथ इंटरचेंज की संभावनाओं का आकलन किया।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगुरुग्राम से ग्रेनो तक नमो भारत ट्रेन-मेट्रो का प्लान तैयार, जानें रूट और स्टेशन