गुरुग्राम में इन 20 सेक्टरों के बाजारों की बदलेगी सूरत, नगर निगम ने शुरू किया काम
गुरुग्राम शहर के पुराने इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। गुरुग्राम नगर निगम ने उन 20 सेक्टरों के बाजारों को नया रूप देने की तैयारी पूरी कर ली है, जो पिछले साल अगस्त में निगम के अधीन हुए थे। इन्हें संवारा जा रहा है।

गुरुग्राम शहर के पुराने इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। गुरुग्राम नगर निगम ने उन 20 सेक्टरों के बाजारों को नया रूप देने की तैयारी पूरी कर ली है, जो पिछले साल अगस्त में निगम के अधीन हुए थे। इन्हें संवारा जा रहा है। इन बाजारों में टूटी सड़कें, गंदगी और अव्यवस्था को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जाएगा। इसको लेकर निगम ने योजना तैयार कर ली है।
बता दें कि 20 सेक्टरों के बाजार पहले एचएसवीपी के पास थे, जबकि सेक्टर का रिहायशी एरिया निगम के पास था। अगस्त 2025 में इन सेक्टरों के बाजार नगर निगम के अधीन आ गए है। ऐसे में अब निगम ने इन सेक्टरों के बाजारों को संवारने का काम शुरू कर दिया है। नगर निगम की इस योजना में सबसे पहले सेक्टर-56 के बाजार में काम शुरू किया गया है। यहां 1.3 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन को ठीक करने और जन-सुविधाओं को बेहतर बनाने का जिम्मा ठेकेदार को दे दिया गया है।
सेक्टर-46 के बाजार में दिखेगा सबसे बड़ा बदलाव
वहीं, सबसे बड़ा बदलाव सेक्टर-46 के बाजार में देखने को मिलेगा। यहां 8.3 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट खर्च होगा। इस योजना के तहत गाड़ियों और स्कूटरों के खड़े होने के लिए बहुत बड़ी और व्यवस्थित जगह बनाई जाएगी। पार्किंग की मार्किंग की जाएगी। बाजार में सुंदर पौधे, फव्वारे और नई लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा पानी की निकासी और सीवर की पुरानी लाइनों को पूरी तरह बदला जाएगा, पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित और साफ रास्ते बनाए जाएंगे। सेक्टर-46 के लोगों का कहना है कि वर्तमान में बाजार की हालत बहुत खराब है। पार्किंग न होने से जाम लगता है और दुकानों के बाहर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना मुश्किल है। बाजार में सिर्फ एक ही शौचालय है, वह भी अक्सर बंद रहता है। लोगों की मांग है कि नगर निगम केवल कागजों पर योजना न बनाए, बल्कि जल्द से जल्द सड़कों पर काम शुरू करे।
साढ़े तीन करोड़ से इन इलाकों में भी कार्य होंगे
नगर निगम ने कई अन्य इलाकों के लिए भी खर्च का ब्योरा तैयार कर लिया है। नगर निगम ने कुछ सेक्टरों के बाजारों को संवारने का अनुमान तैयार कर लिया है। इसमें सेक्टर-38, 31, 40, 22, 5 और 45 के बाजारों में सुधार के लिए बजट तैयार है और फाइलों को अंतिम मंजूरी के लिए भेजा गया है। यहां 18 लाख से लेकर साढ़े 3 करोड़ रुपये तक खर्च होंगे। इसके अलावा सेक्टर-9, 9ए, 7, 15, 21, 23 और 39 के मार्केट के लिए अभी हिसाब-किताब लगाया जा रहा है कि वहां कितना काम होना जरूरी है।
विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम, ''नगर निगम के अधीन आए 20 बाजारों को संवारने का काम शुरू करवा दिया है। कुछ बाजारों में काम शुरू हो चुका है। अन्य के लिए बजट तैयार किया जा रहा है।''


