गुरुग्राम में STF टीम पर हमला; गोलियां बरसाकर भागे बदमाश, 2 पुलिसकर्मी जख्मी
गुरुग्राम में सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर शनिवार देर रात STF की सेंट्रल यूनिट टीम पर तीन कार में सवार होकर आए 12 बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

गुरुग्राम के सोहना एलिवेटेड हाईवे पर शनिवार रात को चेकिंग के दौरान 3 गाड़ियों में आए 12 बदमाशों ने STF टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने तेज रफ्तार में एसटीएफ की गाड़ी को टक्कर मार दी और उतरकर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संदिग्ध गाड़ियां रोकने पर हमला
बताया जाता है कि नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गाड़ियों को रोकने का इशारा किया। इस पर 3 गाड़ियों में सवार बदमाशों ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी। इतना ही नहीं बदमाशों ने एसटीएफ की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी। बदमाश गाड़ियों से उतर गए और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। बदमाशों ने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए।
फायरिंग भी की
बदमाशों ने एसटीएफ टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। आरोपी अपनी कारों समेत मौके से फरार हो गए। इस वारदात में एसटीएफ के दो जवान घायल हो गए हैं। हमले में घायल इन दोनों पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बदमाशों की पहचान की कोशिश
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस की मदद से गाड़ियों की भी पहचान करने की कोशिश की है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान की जा रही है। बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खुफिया इनपुट पर नाकेबंदी
एसटीएफ की सेंट्रल यूनिट में तैनात पीएसआई राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात उनको खुफिया इनपुट मिले थे कि एक नामी बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे होते हुए भोंडसी की ओर आने वाला है। इस खुफिया इनपुट पर एसटीएफ की टीम ने शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे भोंडसी कट पर नाकेबंदी की।
3 अलग-अलग कारों से पहुंचे
बताया जाता है कि रात करीब 10 बजे तीन अलग-अलग कारें पहुंची। इनमें 10 से 12 लोग सवार थे। पुलिस टीम ने इन कारों को रुकने का संकेत दिया तो ड्राइवरों ने गाड़ियों की स्पीड बढ़ा दी और नाके पर खड़ी एसटीएफ की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। बदमाश उतरे और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की और टीम पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद STF टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

