गुरुग्राम में SPR पर 30 माह में बनेगा 4.2 KM लंबा एलिवेटेड रोड, 15 मिनट में पूरा होगा पौने घंटे का सफर

Mar 09, 2026 02:51 pm ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए गुरुग्राम में एसपीआर पर एलिवेटेड रोड बनाने के लिए टेंडर करने प्रक्रिया शुरू हो गई है। जीएमडीए ने 754 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। इसके आवंटन के 30 महीने के अंदर यह एलिवेटेड रोड बनकर तैयार हो जाएगा।

गुरुग्राम में SPR पर 30 माह में बनेगा 4.2 KM लंबा एलिवेटेड रोड, 15 मिनट में पूरा होगा पौने घंटे का सफर

द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए गुरुग्राम में एसपीआर (सदर्न पेरिफेरल रोड) पर एलिवेटेड रोड बनाने के लिए टेंडर करने प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने 754 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। इसके आवंटन के 30 महीने के अंदर यह एलिवेटेड रोड बनकर तैयार हो जाएगा।

इस एलिवेटेड रोड की लंबाई करीब 4.2 किलोमीटर होगी। दोनों तरफ चार-चार लेन का रोड तैयार किया जाएगा। 22 अप्रैल को टेंडर खोला जाएगा। इस एलिवेटेड रोड के बनने के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे आवागमन आसान हो जाएगा। मौजूदा समय में वाहन चालक को द्वारका एक्सप्रेसवे से एसपीआर के माध्यम से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सर्विस रोड से होते हुए भोंडसी के पास गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर चढ़ना होता है।

एसपीआर और गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सर्विस रोड पर ट्रैफिक जाम से बाहर निकलने में 40 से 45 मिनट का समय लग जाता है। इस एलिवेटेड रोड के बनने के बाद 10 से 15 मिनट के अंदर द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन चलक पहुंच जाएंगे।

डीपीआर तैयार हो चुकी

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए गोल्फ कोर्स रोड पर भी एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 1850 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब आठ किलोमीटर लंबे इस रोड के निर्माण की डीपीआर को तैयार किया जा चुका है। एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ का निर्माण होगा। क्लोवरलीफ बनने के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड, गुरुग्राम-सोहना हाईवे आपस में जुड़ जाएंगे।

सेक्टर-एक से 23 तक सड़कें गड्ढामुक्त होंगी

जीएमडीए ने सेक्टर-एक से लेकर सेक्टर-23 तक की मुख्य सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत करीब छह करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी किया है। टेंडर आवंटन के बाद किसी भी सड़क पर यदि दो साल के अंदर गड्ढा होता है तो ठेकेदार की तरफ से उसे दुरुस्त किया जाएगा। ऐसा होने के बाद वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।