गुरुग्राम की 7 सड़कें बनेंगी आइकॉनिक; ये गलतियां करने पर ऑनलाइन जुर्माना
जीएमडीए गुरुग्राम की 19 किलोमीटर लंबी सात सड़कों को आइकॉनिक बनाएगा। 7 नवंबर तक करीब 24.5 किलोमीटर सड़कें गड्ढा और अतिक्रमण मुक्त की जाएंगी।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से मिलेनियम सिटी की सात सड़कों को (नायाब) आइकॉनिक बनाने की तैयारी है। इसमें स्मोकिंग और नो स्मोकिंग जोन बनाए जाएंगे। नो स्मोकिंग जोन में यदि कोई बीड़ी सिगरेट पीता मिलता है तो उसके ऊपर जुर्माना लगाया जाएगा।दो दिन पहले जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इन सड़कों को बनाया जाएगा आइकॉनिक
इसमें एमजी रोड, व्यापार केंद्र रोड, गलेरिया रोड, सिग्नेचर टावर से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन की मुख्य सड़क, सनाथ रोड, एआईटी चौक से लेकर सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन और सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन से साइबर हब को जोड़ रही सड़क को आइकॉनिक बनाया जाएगा। इन सड़कों की लंबाई करीब 19 किमी है।
थूकने और च्यूइंग गम फैंकने पर जुर्माना
इन सड़कों पर थूकने और च्यूइंग गम फैंकने पर जुर्माना लगाया जाएगा। इन सड़कों पर इस तरह की व्यवस्था की जाएगी कि दिव्यांग भी अपनी व्हील चेयर से आसानी से आवागमन कर सकेंगे। सभी चौराहों पर सूचना पट्ट लगाए जाएंगे, जिसमें साफ-सफाई का संदेश देने के साथ-साथ चेतावनी भी दी जाएगी। इस प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने के लिए इन सड़कों पर एक विशेष टीम की तैनाती की जाएगी, जो बॉडी कैमरा से लैस होंगे।
इन गलतियों पर ऑनलाइन जुर्माना
ये लोगों के साथ शालीनता और सम्मानजनक तरीके से बात करेंगे। नो स्मोकिंग जोन में धुम्रपान करने पर ऑनलाइन जुर्माना किया जाएगा। सड़कों पर थूकने या च्यूइंग गम फैंकने वालों पर भी यह जुर्माना करेंगे। इसके अलावा सड़कों पर हरे और नीले रंग के डस्टबीन लगाए जाएंगे, जहां से रोजाना कचरे का उठान होगा।
30 दिन में इन सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा
जीएमडीए ने मेदांता अस्पताल रोड, सेक्टर-30-31, सेकटर-32-39, सेक्टर-39-40, सेक्टर-45-46, सेक्टर-46-47, आरडी सिटी से आंबेडकर चौक, आंबेडकर चौक से मेफील्ड गार्डन, सेक्टर-50-51, रेजांगला चौक से दिल्ली बॉर्डर, सेक्टर-21-22 रोड, सिग्नेचर चौक से महाराणा प्रताप चौक, महाराणा प्रताप चौक से अतुल कटारिया चौक, सेक्टर-51-57, गोल्फ कोर्स रोड से घाटा यातायात सिग्नल, सेक्टर-65-66, रामपुरा रोड, सेक्टर-75-75ए, सेक्टर-75-76 की मुख्य सड़क को गड्ढामुक्त किया जाएगा।
दुरुस्त किए जाएंगे फुटपाथ
फुटपाथ दुरुस्त किए जाएंगे। हरित क्षेत्र को बेहतर किया जाएगा। अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। सूचना पट्ट लगाए जाएंगे। कच्चे हिस्से को पक्का किया जाएगा। करीब साढ़े 24 किमी लंबी इन सड़कों को सात नवंबर तक दुरुस्त करना होगा।
मुख्यमंत्री की फटकार का असर
गत दो अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बैठक ली थी। इसमें गुरुग्राम की बदहाली को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर को मिलेनियम सिटी की बदहाली को दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

