
गुरुग्राम के सोहना में ये 4 सड़कें बनेंगी स्मार्ट रोड, सौंदर्यीकरण-चौड़ीकरण संग क्या-क्या होंगे काम
गुरुग्राम के पास सोहना में पहली बार चार सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इन मार्गों पर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक की सुविधाएं होंगी। एलईडी स्ट्रीट लाइट से सड़कें जगमग होंगी। नगर परिषद सोहना की इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है।
गुरुग्राम के पास सोहना में पहली बार चार सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इन मार्गों पर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक की सुविधाएं होंगी। एलईडी स्ट्रीट लाइट से सड़कें जगमग होंगी। नगर परिषद सोहना की इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

नगर परिषद ने करीब एक साल पहले शहर की 8 प्रमुख सड़कों को स्मार्ट बनाने की योजना तैयार की थी, लेकिन तकनीकी प्रक्रियाओं और स्वीकृति में देरी के कारण यह योजना अब तक अमल में नहीं आ पाई थी। अब नगर परिषद प्रशासन ने इस दिशा में तेजी लाते हुए पहले चरण में चार मार्गों का चयन किया है। इन चार सड़कों के सौंदर्यीकरण, चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का काम जल्द शुरू होगा। इस पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पहले चरण में चार मार्ग चुने गए : पहले चरण में जिन सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें बालूदा मार्ग पर गुरुग्राम रोड से गोकुलम सोसाइटी तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सबसे अधिक 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद दमदमा मार्ग पर गुरुग्राम रोड से दौला मोड़ तक बनने वाली सड़क पर 2.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। चुंगी नंबर एक से शहीद भगत सिंह फव्वारा चौक तक तथा फव्वारा चौक से महाराजा अग्रसेन चौक तक के मार्ग को स्मार्ट बनाने पर लगभग 4.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा बस स्टैंड मार्ग, नागरिक अस्पताल मार्ग, शहीद चौक से शिवकुंड गर्म पानी चश्मा तक और ताऊ देवीलाल मार्ग को भी भविष्य के चरणों में शामिल करने की योजना है।
सड़क पर हरित क्षेत्र भी विकसित होगा : इन मार्गों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए न केवल सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, बल्कि सड़क किनारे अंडरग्राउंड केबलिंग, एलईडी स्ट्रीट लाइटें, बरसाती जल निकासी व्यवस्था और साइकिल ट्रैक जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। प्रत्येक मार्ग पर पैदल यात्रियों के लिए समर्पित फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी। इससे शहर का सौंदर्य बढ़ेगा और यातायात सुगम होगा।
पर्यटकों का दमदमा झील पहुंचना आसान होगा
दमदमा झील तक जाने वाली रोड को भी स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित किया जाएगा। नवंबर से जमीनी स्तर पर काम भी शुरू हो जाएगा। स्मार्ट रोड बनने से दिल्ली-एनसीआर से दमदमा झील घूमने के लिए आने वाले लोगो को चंडीगढ़ की सुखना झील जैसा माहौल मिलेगा। झील में पर्यटकों के लिए नौकायान और एडवचर्स गतिविधियां भी पर्यटन विभाग की तरफ से करवाई जाएगी।
शोधित पानी के लिए डलेगी पाइपलाइन
स्मार्ट रोड बनने से पर्यटकों को आने में कोई दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा। 12 महीने दमदमा झील पानी से लबालब रहे, इसके लिए जीएमडीए की तरफ से योजना तैयार की जा रही है। योजना के तहत गुरुग्राम से बादशाहपुर होते हुए दमदमा झील तक शोधित पानी की पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन के द्वारा सर्वे भी किया जा चुका है। इस योजना पर काम भी चल रहा है।
दूसरे चरण में भी चार मार्गों को संवारा जाएगा
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इन स्मार्ट सड़कों के बन जाने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी बल्कि शहर की पहचान एक स्मार्ट और व्यवस्थित शहरी केंद्र के रूप में बनेगी। इनके बनने से आने-जाने में समय की भी बचत होगी। यह परियोजना भविष्य में सोहना को गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण की सफलता के बाद शेष चार मार्गों पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा। इससे पूरा शहर स्मार्ट रोड नेटवर्क से जुड़ सकेगा।
अजय पंघाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सोहना, ''चार प्रमुख मार्गों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना सोहना शहर की सूरत बदलने में मील का पत्थर साबित होगी।''





