
गुरुग्राम में पानी की पाइपलाइन लीक बनी मुसीबत, कई सेक्टरों की 6 सड़कें क्षतिग्रस्त
गुरुग्राम में पेयजल लाइन लीक होने से छह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जीएमडीए अधिकारियों में आपसी तालमेल की कमी के चलते वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल सड़कों के कारण सड़क हादसे का डर बना हुआ है।
गुरुग्राम में पेयजल लाइन लीक होने से छह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) अधिकारियों में आपसी तालमेल की कमी के चलते वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल सड़कों के कारण सड़क हादसे का डर बना हुआ है।
सेक्टर-चार-सात की मुख्य सड़क पर पेयजल लाइन पिछले एक महीने से लीक है। सुबह और शाम के समय इस पाइप लाइन से सेक्टर-9 के चौराहे पर पानी निकलकर आ जाता है। चौराहे के आसपास इस वजह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सेक्टर- 9-9ए की मुख्य सड़क पर ईएसआई अस्पताल के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। पिछले एक महीने से इस सड़क के नीचे से निकल रही पानी की पाइपलाइन लीक है। बताया जा रहा है कि यह पाइपलाइन गुरुग्राम नगर निगम की है। सेक्टर-37सी में एसप्लांडे मॉल के पास पिछले करीब एक साल से पेयजल लाइन लीक है। सारा दिन इस पाइपलाइन से पानी निकलता रहता है, जो आरएमजी रेजिडेंसी सोसाइटी तक पहुंच जाता है। इसकी वजह से भी मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है।
ओल्ड दिल्ली रोड पर सबसे व्यस्ततम अतुल कटारिया चौक पर पेयजल लाइन लीक है। रोजाना इस चौक से करीब 50 हजार वाहनों का आना-जाना होता है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने की वजह से वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इससे सड़क हादसे की संभावनाएं बनी रहती है। इस तरह सेक्टर-10 में सिटी बस डिपो के सामने पेयजल लाइन लीक है। इससे सीएनजी स्टेशन के आसपास सड़क टूट गई है। अंबेडकर चौक के पास भी पानी की पाइपलाइन के लीक होने की सूचना मिली है।
लोग बोले, लीकेज को जल्द दुरुस्त कराने की जरूरत
सेक्टर-9 निवासी धनराज बंसल ने बताया कि काफी शिकायतों के बाद सेक्टर-9 और 9ए की मुख्य सड़क का निर्माण हुआ था। अब पानी की लीकेज के चलते एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इस वजह से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लीकेज को जल्द दुरुस्त करवाने की जरूरत है। आरएमजी रेजिडेंसी सोसाइटी के दीपक कुमार ने बताया कि पिछले एक साल से एस्पलांडे मॉल के समीप पेयजल लाइन लीक होने की शिकायत जीएमडीए और नगर निगम में कर रहे हैं। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल रहे हैं। रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसके अलावा सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। इस तरफ गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा
पालम विहार सीटू ब्लॉक आरडब्ल्यूए के उपप्रधान अभिषेक शर्मा ने सोमवार को नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया को शिकायत देते हुए कहा है कि तीन दिन से सी-टू ब्लॉक में पेयजल लाइन लीक है। 6 दिसंबर से शिकायत कर रहे हैं। रोजाना हजारों लीटर पानी बेकार बह रहा है। नगर निगम के अधिकारी शिकायत देने के बावजूद इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पीसी मीणा, सीईओ, जीएमडीए, ''पेयजल लाइन लीकेज को लेकर संबंधित अधिकारी से जवाब तलब किया जाएगा। पेयजल लाइन को ठीक करवाया जाएगा।''





