गुरुग्राम को मिलेगी नई 'मॉडल रोड': सेक्टर-51 और 52 की सड़क बनेगी आदर्श, GMDA ने टेंडर को दी मंजूरी

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम के सेक्टर-51 और 52 के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। इन दोनों सेक्टरों को बांटने वाली मुख्य सड़क को मॉडल रोड बनाने की तैयारी है। इस बदलाव से न केवल ट्रैफिक सुगम होगा, बल्कि इलाके की खूबसूरती भी बढ़ेगी।

गुरुग्राम को मिलेगी नई 'मॉडल रोड': सेक्टर-51 और 52 की सड़क बनेगी आदर्श, GMDA ने टेंडर को दी मंजूरी

गुरुग्राम सेक्टर-51 और सेक्टर-52 को विभाजित कर रही सड़क को आदर्श (मॉडल) बनाने की तैयारी जीएमडीए ने शुरू की है। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा की अध्यक्षता में टेंडर आवंटन समिति की बैठक में इस टेंडर को मंजूरी मिल गई है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह से इस सड़क को दुरुस्त करने की दिशा में काम शुरू हो जाएगा।

जीएमडीए ने तीन महीने पहले इन मुख्य सड़क पर सर्विस रोड और फुटपाथ के निर्माण के अलावा बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था करने को लेकर करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी किया था। इसके तहत अब एक कंपनी का चयन कर लिया है। यह कंपनी सर्विस रोड और फुटपाथ को तैयार करेगी।

छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य

बरसाती पानी की निकासी का बंदोबस्त करेगी। हरित क्षेत्र को सड़क स्तर से करीब एक फीट नीचे किया जाएगा, जिससे कि बारिश के पानी से भूजल को रिचार्ज किया जा सके। जीएमडीए ने यह काम छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। बता दें कि इस रोड पर रोजाना 70 से 80 हजार वाहनों का आवागमन होता है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया कि सड़क पर सर्विस रोड, फुटपाथ और बरसाती नाला बनाया जाएगा। टेंडर को मंजूरी मिल चुकी है।

फुटपाथ के निर्माण से पहले बुलडोजर चलेगा

सड़क और फुटपाथ के निर्माण से पहले इस मुख्य सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलाया जाएगा। हरित क्षेत्र, फुटपाथ और सर्विस रोड पर अवैध रूप से रेहड़ियां लगी हुई हैं। इन्हें तोड़ा जाएगा। इसके अलावा अवैध रूप से सर्विस रोड पर खड़े वाहनों को हटवाया जाएगा।

23 सेक्टरों की सड़क गड्ढामुक्त होंगी

जीएमडीए ने सेक्टर-एक से लेकर सेक्टर-23 तक की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के इरादे से एक कंपनी का चयन किया है। इस कंपनी को करीब साढ़े छह करोड़ रुपये का टेंडर दो साल के लिए आवंटित किया है। किसी सड़क पर यदि गड्ढा हो जाता है तो यह कंपनी तुरंत दुरुस्त करेगी।

सड़कों की मरम्मत के लिए पांच दिन का समय निर्धारित

वहीं, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने गुरुग्राम में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कई मोर्चों पर काम शुरू कर दिया है। सड़कों की मरम्मत के लिए पांच दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है। पीडब्ल्यूडी को एक ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए ‘म्हारी सड़क’ ऐप की निगरानी बढ़ाने काम में सुधार आएगा। जिसके लिए नई पैच वैन और रोड रोलर्स जैसे आधुनिक संसाधन खरीदे गए हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के अनुसार जिले में छह सौ किलोमीटर लंबी सड़कें हैं। इनकी मरम्मत के लिए नई पैच वैन और रोड रोलर्स जैसे आधुनिक संसाधन खरीदे गए हैं। जिससे काम की गति और गुणवत्ता में सुधार आएगा। कार्यकारी अभियंता चरणदीप सिंह ने कहा कि 18 फुट से कम चौड़ी (12 और 15 फुट) सड़कों को चौड़ा करने का लक्ष्य रखा है। जिसमें से काफी काम पूरा हो चुका है। बाकी काम इस वित्तीय वर्ष में पूरा किया जाना है।

विभाग की ओर से जेसीबी मशीन, पैच वैन और रोड रोलर्स खरीदे गए हैं। जो हर जिले में भेजने के बाद काम में सुधार लाया गया है। सरकार की ओर से निर्देश पर सड़कों की गुणवत्ता में सुधार करके पीडब्ल्यूडी को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए ‘म्हारी सड़क’ ऐप की निगरानी बढ़ाई गई है। शहर में कई सड़कों की कार्ययोजना बनाकर मंजूरी के लिए भेजा गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।