Hindi Newsएनसीआर NewsGurugram police will maintain database of every company and factory staff also keep information on migrants
गुरुग्राम पुलिस हर कंपनी और फैक्ट्री स्टाफ का बनाएगी डेटाबेस, प्रवासियों का भी रखेगी रिकॉर्ड

गुरुग्राम पुलिस हर कंपनी और फैक्ट्री स्टाफ का बनाएगी डेटाबेस, प्रवासियों का भी रखेगी रिकॉर्ड

संक्षेप:

दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए कार ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम पुलिस शहर की सुरक्षा और चौकस करने के लिए नई योजना पर काम कर रही है। इसके तहत प्रत्येक कंपनी और फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी का डेटाबेस तैयार किया जाएगा।  

Nov 14, 2025 01:49 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share Share
Follow Us on

दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए कार ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम पुलिस शहर की सुरक्षा और चौकस करने के लिए नई योजना पर काम कर रही है। इसके तहत प्रत्येक कंपनी और फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी का डेटाबेस तैयार किया जाएगा। गुरुग्राम में दूसरे जिलों, राज्यों और विदेशों से आकर रहने वाले लोगों का भी डेटाबेस तैयार किया जाएगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डेटा कलेक्शन के लिए पुलिस ने काम शुरू कर दिया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर में मौजूद प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का व्यवस्थित सत्यापन करना और खुफिया जानकारी एकत्र करने की क्षमता को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत करना है। दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके गुरुग्राम में देश और विदेशों के हजारों लोग रहते हैं। यहां मल्टी नेशनल कंपनियों, ई-कॉमर्स कंपनियों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के अलावा कई दूसरे धंधों में लाखों लोग काम कर रहे हैं।

ऐसे में यहां जोखिम सबसे अधिक है। इस जोखिम को खत्म करने के लिए ही पुलिस ने एक विस्तृत डेटा बेस तैयार करने की योजना बनाई है।

कंपनियों और एजेंसियों से मांगा वर्कर्स का पूरा विवरण

डीसीपी हेडक्वार्टर अर्पित जैन ने बताया कि पुलिस ने गुरुग्राम की ई-कॉमर्स, परिवहन और सर्विस प्रोवाइडर क्षेत्रों की सभी प्रमुख कंपनियों और एजेंसियों से औपचारिक संपर्क साधना शुरू कर दिया है। कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी कर्मचारियों की पहचान, स्थायी पता और पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। इससे गुरुग्राम में रह रहे संदिग्धों को पहचानने में सहायता मिलेगी। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और मार्केट एसोसिएशन को भी अपने क्षेत्रों में किरायेदारों के वेरिफिकेशन को अनिवार्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू करेगी पुलिस

शहर के उन संवेदनशील इलाकों की पहचान की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में अप्रवासी और असत्यापित लोग निवास करते हैं। इन चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस जल्द ही बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू करेगी। इन ऑपरेशन के दौरान हर मकान और हर नागरिक का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बिना सत्यापन के पाए गए व्यक्ति पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरे राज्यों और शहरों से आकर यहां काम करने वाले सभी लोगों का अनिवार्य और व्यवस्थित सत्यापन किया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क पर 24 घंटे निगरानी

डीसीपी ने बताया कि पुलिस अपने खुफिया तंत्र को मजबूत करने के लिए दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। शहर में लगे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क पर 24 घंटे निगरानी बढ़ाई गई है। इसके लिए विशेष तकनीकी सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जा रहा है जो भीड़भाड़, संदिग्ध वस्तुओं या असामान्य पैटर्न की पहचान करने में मदद करता है। मानवीय खुफिया जानकारी जुटाने के लिए विशेष टीमों को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया गया है। इन टीमों को स्थानीय मुखबिरों और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित करने का काम सौंपा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद इन सभी खुफिया जानकारियों की पुख्ता तरीके से जांच और क्रॉस वेरिफिकेशन कर रहे हैं। इस पूरी योजना का मकसद है कि कोई भी देश और समाज विरोधी गुरुग्राम में किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम न दे सके और अमन चैन बना रहे।

रिपोर्ट: मोनी देवी

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।