
गुरुग्राम की इन सड़कों पर आज नहीं चलेंगे भारी वाहन, जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी
गुरुग्राम पुलिस ने भोंडसी इलाके के लिए जारी ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा है कि भोंडसी जेल की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इस रिपोर्ट में पढ़ें पूरी ट्रैफिक एडवाइजरी…
गुरुग्राम पुलिस ने भोंडसी इलाके के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, भोंडसी जेल की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। चूंकि जस्टिस सूर्यकांत शनिवार को स्किल डेवलपमेंट इनिशिएटिव और जेल पॉलिटेक्निक का उद्घाटन करेंगे। इस वजह से सुरक्षा कड़ी की गई है। इसको लेकर सोहना रोड-भोंडसी कट से भोंडसी जेल तक भारी वाहनों की आवाजाही शनिवार को बैन रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, शनिवार को गोल्फ कोर्स सड़क मार्ग के रास्ते भोंडसी जेल की ओर जाने वाली सड़क पर भी भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सीजेआई के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को जेल रोड की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने इस पर रोक लगाने की घोषणा की है।
गोल्फ कोर्स रोड से भोंडसी जेल जाने वाले रास्ते पर भी भारी वाहनों को आने-जाने की इजाजत नहीं होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यातायात कर्मियों के साथ सहयोग करें।
प्रदेश की विभिन्न जेलों में सुधारात्मक न्याय और पुनर्वास को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत शनिवार को प्रदेश की विभिन्न जेलों में कौशल विकास केंद्रों, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों और आईटीआई-स्तरीय व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे।
यह कार्यक्रम जिला कारागार गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन तथा जिला कारागार गुरुग्राम ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को न्यायिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल एवं डीसी अजय कुमार ने शुक्रवार को आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।
(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट पर आधारित)





