गुरुग्राम पुलिस की ERV और टैंकर में टक्कर, 2 हेड कॉन्स्टेबल की मौत, एक की हालत गंभीर

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, गौरव चौधरी
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में हुए एक भीषण सड़क हादसे में गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों का जान चली गई और एक जवान अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। इस हादसे में पुलिस की गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गुरुग्राम पुलिस की ERV और टैंकर में टक्कर, 2 हेड कॉन्स्टेबल की मौत, एक की हालत गंभीर

गुरुग्राम के फर्रुखनगर इलाके में सोमवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित टैंकर और पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) के बीच हुई भीषण टक्कर में दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए।

गश्त के दौरान हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा फर्रुखनगर के खेड़ा खुर्मुपुर गांव के पास हुआ। ERV (डायल 112) पर तैनात पुलिसकर्मी रात में गश्त पर थे, तभी उनकी गाड़ी की टक्कर एक तेज रफ्तार टैंकर से हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मृतकों की हुई पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, गाड़ी में मौजूद उनके तीसरे साथी कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतक हेड कॉन्स्टेबलों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।

5 दिन पहले नूंह में भी 2 पुलिसकर्मियों की हुई थी मौत

बता दें कि, इससे पहले बीते गुरुवार को भी गुरुग्राम से सटे नूंह के गोयला गांव के पास कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (केएमपी) पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक सब-इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ था जब पुलिस की एक टीम पशुओं को ले जा रही एक गाड़ी को अपने कब्जे में लेने के लिए एक्सप्रेसवे पर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, पशुओं को ले जा रहा वाहन खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। हादसे में कॉन्स्टेबल गिरीश (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सब-इंस्पेक्टर मुकेश फोगाट (54) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं, एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गया था।

नूंह पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। मवेशी तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके वाहन से 15 गायों को भी बरामद कर सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के मंडोली निवासी रानू सिंह के रूप में हुई थी।

(भाषा के इनपुट के साथ)

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर