Hindi Newsएनसीआर Newsgurugram police encounter up based criminal yadram arrested
गुरुग्राम में जिस कुख्यात को एनकाउंटर में लगीं गोलियां, उसका UP से राजस्थान तक था खौफ; एक लाख इनाम

गुरुग्राम में जिस कुख्यात को एनकाउंटर में लगीं गोलियां, उसका UP से राजस्थान तक था खौफ; एक लाख इनाम

संक्षेप:

गुरुग्राम पुलिस ने अपराध पर करारा प्रहार करते हुए एक बड़ी और निर्णायक कार्यवाही को अंजाम दिया है। रविवार देर रात साढ़े दस भोंडसी इलाके में हुई एक मुठभेड़ के बाद नूंह पुलिस द्वारा एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी यादराम को गिरफ्तार कर लिया गया।

Jan 05, 2026 03:27 pm ISTSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, गौरव चौधरी, गुरुग्राम
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम पुलिस ने अपराध पर करारा प्रहार करते हुए एक बड़ी और निर्णायक कार्यवाही को अंजाम दिया है। रविवार देर रात साढ़े दस भोंडसी इलाके में हुई एक मुठभेड़ के बाद नूंह पुलिस द्वारा एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी यादराम को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता, पेशेवर दक्षता और आमजन की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मध्यरात्रि को उप-निरीक्षक ललित कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सैक्टर-40, गुरुग्राम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक कुख्यात अपराधी यादराम, जिस पर 1 लाख रुपये का इनाम है और जो हरियाणा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है, हथियारों सहित एक बिना नंबर की बाइक पर सोहना की तरफ दिखाई दिया है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए, उप-निरीक्षक ललित कुमार ने अपराध शाखा पुन्हाना, मेवात के इंचार्ज संदीप मोर से संपर्क किया। इसके बाद CIA सैक्टर-40 और CIA पुन्हाना की टीमों ने मिलकर सोहना-गुरुग्राम रोड पर, महेंद्रवाड़ा कच्चा रास्ता क्षेत्र में सुनियोजित नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान, रात्रि लगभग 10:15 बजे, एक बिना नंबर की होंडा लिवो बाइक पर सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख, बाइक सवार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग से एक गोली सरकारी गाड़ी के दरवाजे पर, एक गोली गाड़ी के बोनट पर और एक गोली उप-निरीक्षक ललित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर आकर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

पुलिस टीम ने अत्यधिक संयम, साहस और कानून के दायरे में रहते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे पुलिस टीम द्वारा काबू कर लिया गया।

तीन राज्यों में फैला था आतंक का जाल

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यादराम (उम्र-50 वर्ष) निवासी पच्छैया बस्ती बनारसीदास, जिला औरैया (उत्तर-प्रदेश), वर्तमान किराएदार गिरिराजनगर, जयपुर (राजस्थान) बतलाया। पुलिस टीम ने उसे प्राथमिक उपचार देकर इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया।

यादराम का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गृहभेदन और शस्त्र अधिनियम सहित करीब 2 दर्जन (24) अभियोग उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें से नूंह (मेवात) के पिनगवां थाने में एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरी/गृहभेदन की वारदात को अंजाम देने के संबंध में उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस की फिंगरप्रिंट, FSL, सीन-ऑफ-क्राइम और थाना प्रबंधक भौंडसी, गुरुग्राम की टीमों द्वारा किया गया। इस मुठभेड़ के दौरान कुल 10 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से 06 फायर आरोपी द्वारा और 04 फायर पुलिस टीम द्वारा किए गए। आरोपी यादराम फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। उसे अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा और गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो सके।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।