गुरुग्राम से 13 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े, मजदूर-किरायेदार बन सालों से डाल रखा था डेरा

गुरुग्राम, एएनआई
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम पुलिस ने 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। यह लोग गैर-कानूनी रूप से भारत में दाखिल हुए थे और अलग-अलग जगहों पर मजदूर और किरायेदार बनकर रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गुरुग्राम पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है और उन्हें वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए ये सभी लोग यहां किराये पर रहते थे और मजदूरी करते थे। पुलिस ने जनता से यह भी अपील की कि वे संदिग्ध लोगों की जानकारी देकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मदद करें।

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि क्राइम ब्रांच को करीब एक महीने पहले जानकारी मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक भारत में गैर-कानूनी रूप से रह रहे हैं। इनमें से कई लोग गुरुग्राम में अलग-अलग जगहों पर मजदूरी का काम कर रहे हैं।

गैरकानूनी तरीके से आए थे भारत

उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर गुरुग्राम पुलिस टीम ने 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया, जो देश में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे थे। उनके डॉक्यूमेंट की जांच करने पर यह पता चला कि ये लोग गैर-कानूनी ढंग से भारत में दाखिल हुए थे। शर्मा के अनुसार हिरासत में लिए गए लोग गुरुग्राम के अलग-अलग हिस्सों में किराएदार के तौर पर रह रहे थे और मजदूरी का काम कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि अब उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पकड़े गए सभी 13 लोगों को एक इंस्पेक्टर और 23 पुलिसकर्मियों की टीम की सुरक्षा में पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें आगे की डिपोर्टेशन की कार्रवाई के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा।

कोई संदिग्ध लगे तो पुलिस को सूचना दें : एसीपी

एसीपी ने कहा कि हम सभी नागरिकों से राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने की अपील करते हैं। अगर आपके आसपास कोई किरायेदार, मजदूर, घरेलू कामगार, होटल कर्मचारी या निर्माण कार्य में लगे मजदूर संदिग्ध लगें तो कृपया 112 पर कॉल करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करके इसकी जानकारी दे सकते हैं।

इससे पहले सोमवार को मंगलुरु सिटी पुलिस ने 11 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था, जो उरवा थाने के इलाके में दो अलग-अलग कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते हुए पाए गए थे। मंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में एक जगह से तीन और दूसरी जगह से आठ लोग शामिल हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उन्हें हिरासत में रखने और वापस भेजने के आदेश के लिए एफएफआरओ को रिपोर्ट भेजा जाएगा। डॉक्यूमेंट इकट्ठा करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के उस एजेंट के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा, जो इन्हें और भारत के दूसरे राज्यों के कुछ भारतीय मजदूरों को यहां काम पर लाया था।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।