
अच्छी खबर! गुरुग्राम में बनेंगे 3 नए एलिवेटेड रोड, शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर की तीन मुख्य सड़कों पर 1390 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की है, जिसके लिए 15 जनवरी तक टेंडर जारी किए जाएंगे।
मिलेनियम सिटी की तीन मुख्य सड़कों पर जाम से राहत दिलाने के लिए एलिवेटेड रोड (फ्लाईओवर) तैयार करने में 1390 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। डीपीआर तैयार करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से सलाहकार कंपनी नियुक्त की जाएगी।
15 जनवरी तक इस योजना को लेकर टेंडर आमंत्रित कर दिए जाएंगे। जीएमडीए ने राजीव चौक से लेकर ओल्ड रेलवे रोड होते हुए चिंतपूर्णी मंदिर के समीप से सेक्टर-पांच-छह की मुख्य सड़क और शीतला माता रोड होते हुए अतुल कटारिया चौक तक करीब 7.4 किमी लंबा फ्लाईओवर तैयार करने की योजना बनाई है।
चार लेन के इस एलिवेटेड रोड के निर्माण पर करीब 750 करोड़ रुपये की लागत आनी है। इस एलिवेटेड रोड को अतुल कटारिचा चौक से गांव डूंडाहेड़ा (दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर) तक तैयार किया जाएगा, जिसकी लंबाई करीब पांच किमी है। इसके ऊपर करीब 500 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। जीएमडीए की योजना के मुताबिक महाराणा प्रताप चौक से लेकर इफको चौक तक एलिवेटेड रोड तैयार करने का प्रस्ताव तैयार किया है। करीब 1.4 किमी लंबी इस एलिवेटेड रोड के निर्माण में 140 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। दावा किया जा रहा है कि इन तीनों मुख्य सड़कों पर फ्लाईओवर बनने के बाद ओल्ड गुरुग्राम के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। जीएमडीए का पद्भार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त सीईओ पीसी मीणा ने ओल्ड गुरुग्राम की मुख्य सड़कों को यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए यह योजना तैयार की है।
एमजी रोड पर राहत मिलेगी
महाराणा प्रताप चौक से लेकर इफ्को चौक तक एलिवेटेड बनने के बाद एमजी रोड पर यातायात आसान हो जाएगा। मौजूदा समय पर महाराणा प्रताप चौक पर चार लेन का फ्लाईओवर बना हुआ है। गांव सुखराली में आसपास एमजी रोड पर भारी अतिक्रमण होने की वजह से वाहन चालकों को परेशानियां होती हैं। दोनों तरफ करीब 15 से 20 फीट तक दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है। फ्लाईओवर बनने के बाद लोगों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
यहां पर लगता है जाम
सुबह और शाम के समय राजीव चौक से लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ भारी यातायात जाम लगता है। सड़क के इस हिस्से को पार करने में काफी समय लगता है। सदर बाजार भी इस मुख्य सड़क पर होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। फ्लाईओवर बनने के बाद इस मुख्य सड़क पर जाम में बिना फंसे लंबी दूरी के वाहन ऊपर से निकल जाएंगे। इससे इस मुख्य सड़क के आसपास लगती कॉलोनियों को लाभ मिलेगा।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने बताया कि तीन मुख्य सड़कों पर एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण की योजना है। जनवरी में इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिल जाएगी।





