गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक रोड पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से दौड़ेगी मेट्रो, GMRL का क्या नया प्रस्ताव

Feb 27, 2026 06:39 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक रोड पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से मेट्रो दौड़ेगी। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने गुरुवार को जीएमडीए और एनएचएआई के साथ आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव रखा। इस सिलसिले में अगले सप्ताह होने वाली बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक रोड पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से दौड़ेगी मेट्रो, GMRL का क्या नया प्रस्ताव

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक रोड पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से मेट्रो दौड़ेगी। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने गुरुवार को जीएमडीए और एनएचएआई के साथ आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव रखा। इस सिलसिले में जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में अगले सप्ताह होने वाली बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने इस माह की शुरुआत में हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक तीन-तीन लेन के 3 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर 182 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर जीएमडीए के समक्ष रखा था। जीएमडीए ने इस एलिवेटेड रोड के डिजाइन को जीएमआरएल को भेजकर अनापत्ति प्रमाण पत्र देने का आग्रह किया था। जीएमआरएल ने जांच में पाया कि एलिवेटेड रोड बनने से सेक्टर-37 में प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के निर्माण में दिक्कत आ रही है। मेट्रो स्टेशन की इमारत करीब दो मीटर तक एलिवेटेड रोड में जा रही है।

एलिवेटेड रोड और मेट्रो स्टेशन के डिजाइन को लेकर अध्ययन

जीएमआरएल ने एलिवेटेड रोड के डिजाइन पर आपत्ति जताई थी। जीएमआरएल और एनएचएआई के अधिकारी इस दिक्कत को दूर करने के लिए एलिवेटेड रोड और मेट्रो स्टेशन के डिजाइन को लेकर अध्ययन कर रहे थे। इस बीच जीएमआरएल ने आग्रह किया कि एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो का निर्माण किया जाए। ऐसा होने से एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क निर्माण के लिए करीब 6 मीटर जमीन और मिल जाएगी। मेट्रो और एलिवेटेड रोड एक पिलर पर बन जाएंगे। बता दें कि हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क की लंबाई करीब तीन किमी है। इस रोड पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत मेट्रो रूट का निर्माण होना है। इस रोड पर रोजाना करीब 70 हजार वाहन निकलते हैं।

मेट्रो परियोजना: पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, उमंग भारद्वाज, दादा भईया चौक होते हुए सेक्टर-नौ तक मेट्रो रूट का निर्माण होना है। अभी सेक्टर-44 से लेकर सुभाष चौक तक काम चल रहा है।

बख्तावर चौक पर फ्लाईओवर का प्रस्ताव

जीएमआरएल ने बख्तावर चौक पर अंडरपास की बजाय फ्लाईओवर का प्रस्ताव बनाया है। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जीएमडीए के पास भेजा गया है। जीएमआरएल ने तर्क दिया है कि फ्लाईओवर बनने से पर्याप्त सड़क मिल जाएगी। फ्लाईओवर के ऊपर मेट्रो स्टेशन निर्माण में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में इसको लेकर अगले सप्ताह में फैसला लिया जाएगा।

योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई, ''जीएमडीए की लागत पर हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड का निर्माण करना है। जीएमआरएल ने एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो चलाने का प्रस्ताव दिया है। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में फैसला लिया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।