Hindi Newsएनसीआर Newsgurugram mcg super app digital governance drone survey grievance redressal
नए साल पर गुरुग्राम का 'सुपर ऐप' होगा लॉन्च, अब घर बैठे दूर होंगी नागरिक शिकायतें

नए साल पर गुरुग्राम का 'सुपर ऐप' होगा लॉन्च, अब घर बैठे दूर होंगी नागरिक शिकायतें

संक्षेप:

नगर निगम गुरुग्राम 2026 में एआई और ड्रोन डेटा से लैस एक सुपर ऐप लॉन्च करेगा, जिससे नागरिक सड़क, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसी शिकायतों को ट्रैक कर सकेंगे और पारदर्शिता के साथ उनका त्वरित समाधान होगा।

Jan 01, 2026 08:44 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share Share
Follow Us on

नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही गुरुग्राम के नागरिकों को अपनी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) शहरवासियों के लिए एक सुपर ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जो डिजिटल इंडिया और स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। नगर निगम गुरुग्राम ने इसको लेकर ट्रायल शुरू कर दिया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मोबाइल ऐप होगा लॉन्च

फिलहाल अधिकारियों के मोबाइलों में ही इसका ट्रायल करवाया जा रहा है। निगम अधिकारियों का दावा है कि नए साल में इस निगम के पहले मोबाइल ऐप को आमजन के लिए लॉंच कर दिया जाएगा। नगर निगम के इस पहले मोबाइल ऐप के माध्यम से एक ही जगह पर सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट और सामुदायिक भवनों से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। निगम का यह ऐप केवल एक शिकायत पोर्टल नहीं, बल्कि तकनीक का आधुनिक केंद्र है। पहली बार निगम ने पूरे शहर का ड्रोन सर्वेक्षण करवाया है।

इस सर्वेक्षण से प्राप्त सटीक डेटा को ऐप के साथ लिंक किया गया है। अक्सर लोग निगम में मुख्य सड़कों की शिकायत करते हैं, जो असल में जीएमडीए (जीएमडीए) के अधीन होती हैं। इस ऐप में जियो-मैपिंग के जरिए जैसे ही कोई व्यक्ति शिकायत अपलोड करेगा, ऐप अपने आप बता देगा कि संबंधित संपत्ति या सड़क किस विभाग के अधिकार क्षेत्र में है। ऐप में एआई चैटबॉट का इस्तेमाल किया गया है, जो लोगों को न केवल शिकायत दर्ज करने में मदद करेगा, बल्कि उन्हें सरकार की नई-नई जनहित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराएगा।

ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में यहां बनेगा 50 बेड का नया अस्पताल, 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलेंगे

पारदर्शिता और त्वरित समाधान का नया युग

निगम आयुक्त के अनुसार, इस पहल का मकसद पारंपरिक कार्यप्रणाली को बदलकर शासन में पारदर्शिता लाना है। अभी तक गुरुग्राम में ऐसा कोई एकीकृत मोबाइल प्लेटफॉर्म नहीं था, जिसके कारण जनता में असंतोष रहता था। नए साल में यह सुपर ऐप न केवल आम जनता की शिकायतों को सुनेगा, बल्कि निगम अधिकारियों के कार्य प्रदर्शन का भी आकलन करेगा। निगम के इस आधुनिक कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि साइबर सिटी के नागरिकों को अब अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए बार-बार अलग-अलग अधिकारियों को गुहार नहीं लगानी पड़ेगी। यह ऐप न केवल समय की बचत करेगा, बल्कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में भी मददगार साबित होगा।

पूरा डेटा उपलब्ध होगा इस ऐप में

नगर निगम गुरुग्राम की तरफ से यह पहला मोबाइल ऐप तैयार करवाया गया है। इस ऐप में डेटा उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम ने पूरे शहर की सड़कों, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइटें, पार्क, सामुदायिक भवनों आदि का सर्वे करवाया है। यह पूरी सर्वे रिपोर्ट इस ऐप में उपलब्ध रहेगी। ऐप में अलग-अलग ऑप्शन के बॉक्स दिए होंगे। इसमें लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार उस ऑप्शन चुन सकते हैं। इसमें दर्ज शिकायतों का समाधान होने के बाद ही शिकायतें समाप्त होंगी।

ये भी पढ़ें:गुरुग्राम को 114 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, जानिए क्या-क्या मिला?

किस विभाग की सड़क इसकी जानकारी भी मिलेगी

शहर में नगर निगम के अलावा जीएमडीए, एचएसवीपी और पीडब्ल्यूडी की भी सड़कें और सीवर लाइन व पानी की लाइन हैं। मुख्य सड़कों की शिकायतें भी लोग नगर निगम में करते हैं, जबकि शहर की सभी मुख्य सड़कें जीएमडीए के अधीन आती है। निगम के नए ड्रोन सर्वे और मोबाइल ऐप से लोगों को शिकायत करते समय ही जानकारी मिल जाएगी कि यह सड़क किस विभाग के अधीन आती है।

फोटो के बिना बंद नहीं होगी शिकायत

अब तक व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर की जाने वाली शिकायतों का सबसे बड़ा दोष यह था कि अधिकारी बिना समाधान किए ही उन्हें बंद कर देते थे। सुपर ऐप में यह संभव नहीं होगा। शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति को रीयल-टाइम ट्रैक कर सकेगा। शिकायत का समाधान होने के बाद संबंधित अधिकारी को कार्य स्थल की पहले और बाद की फोटो अपलोड करनी होगी। यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ, तो एआई सिस्टम अपने आप ही शिकायत को उच्च अधिकारियों को फॉरवर्ड कर देगा।

ये भी पढ़ें:द्वारका टू रेजांगला चौक तक मेट्रो की DPR दोबारा बनेगी, बोर्ड बैठक में मंजूरी

ये सुविधाएं मिलेंगी

  • बिल भुगतान: यूजर ऐप के माध्यम से सीधे अपना संपत्तिकर और पानी के बिल जमा कर सकेंगे।
  • सामुदायिक भवन की बुकिंग: शहर के आधुनिक सामुदायिक भवनों की उपलब्धता जांचने और बुकिंग की सुविधा भी इसमें मिलेगी।
  • संपत्ति का डेटा: ड्रोन सर्वे के माध्यम से लोग अपनी संपत्ति का रिकॉर्ड और उस पर बकाया टैक्स की जानकारी एक क्लिक पर देख सकेंगे।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।