काम की बात: गुरुग्राम में 285 करोड़ से बदलेगी 400 KM सड़कों की सूरत, सिंगापुर जैसे मॉडल रोड बनेंगे ये रास्ते

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने 400 किलोमीटर सड़कों के पुनर्निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। नई सड़कों को सिंगापुर मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 285 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 

गुरुग्राम में 285 करोड़ से बदलेगी 400 KM सड़कों की सूरत, सिंगापुर जैसे मॉडल रोड बनेंगे ये रास्ते

गुरुग्राम शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने 400 किलोमीटर सड़कों के पुनर्निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस परियोजना पर करीब 285 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य सड़कों को धूल-मुक्त बनाना, हरियाली बढ़ाना और आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है, ताकि पर्यावरण और ट्रैफिक दोनों में सुधार हो सके।

नई सड़कों को सिंगापुर मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जहां स्वच्छता, हरियाली और सुव्यवस्थित यातायात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सड़कों के किनारे हरित पट्टियां विकसित होंगी, नियमित मशीनी सफाई होगी और जल निकासी की मजबूत व्यवस्था बनाई जाएगी। साथ ही, पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए अलग लेन तैयार की जाएगी। अवैध पार्किंग से जाम की समस्या खत्म करने के लिए वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थान भी विकसित किए जाएंगे।

सड़कों की ये विशेषताएं होंगी

सिंगापुर की तर्ज पर बनने वाली इन सड़कों में उच्च गुणवत्ता निर्माण, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, धूल नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे शहर की समग्र छवि और जीवन स्तर बेहतर होगा।

इन सड़कों को मॉडल बनाया जाएगा

इस योजना के तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा, जिनमें बस स्टैंड, सेक्टर-10, पटौदी रोड, सोहना रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन और खेड़की दौला क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली सीमा से सटे सेक्टर-39, 32, पालम विहार, नाथूपुर और सेक्टर-21 सहित कई इलाकों को भी इसका लाभ मिलेगा।

प्रदीप दहिया, निगम आयुक्त, गुरुग्राम, ''सीक्यूएम के निर्देश पर शहर की 400 किलोमीटर सड़कों को दोबारा से विकसित किया जाएगा। ताकि इन सड़कों को धूल मुक्त किया जा सके। इसको लेकर योजना तैयार कर ली है। अधिकतर सड़कों को मॉडल सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है।''

सरकार सड़कों की समस्या पर गंभीर : राव नरबीर सिंह

हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि बिल्डर सोसाइटियों में 24 मीटर सड़कों की समस्या के समाधान के लिए सरकार गंभीर है। सेक्टर-85 में सेक्टर-85 स्थित गोदरेज एयर सोसाइटी में सड़क री-ओपनिंग कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि जहां भी सड़क बाधित है, वहां प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। हाल ही में सेक्टर-65 में बिल्डर द्वारा सड़क खोदकर बंद करने से एमआर एमराल्ड एस्टेट के करीब दो हजार परिवार प्रभावित हुए और उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ा। पुलिस हस्तक्षेप के बाद सड़क दोबारा खोली गई, लेकिन गड्ढों से दिक्कत बनी हुई है। सरकार ने ऐसे मामलों में सख्ती और बेहतर कनेक्टिविटी का भरोसा दिया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।