गुरुग्राम में दोस्तों ने ही मिलकर मार डाला, बर्बर पिटाई के बाद युवक ने तोड़ा दम

Jan 21, 2026 08:32 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

फर्रुखनगर के खंडेवला गांव में 17 जनवरी को दोस्तों के साथ हुई मामूली कहासुनी में गंभीर रूप से घायल विनीत की मंगलवार को अस्पताल में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।

गुरुग्राम में दोस्तों ने ही मिलकर मार डाला, बर्बर पिटाई के बाद युवक ने तोड़ा दम

फर्रुखनगर के गांव खंडेवला में दोस्ती के पीछे छिपी रंजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। तीन दिन पहले मामूली कहासुनी के बाद दोस्तों द्वारा की गई बर्बर पिटाई में घायल 28 वर्षीय युवक विनीत ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

मारपीट की यह घटना 17 जनवरी की रात साढ़े दस बजे गांव खंडेवला में हुई। आरोपियों ने हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। 18 जनवरी सुबह हॉस्पिटल से पुलिस को मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मृतक के भाई को शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मारपीट के मामले में हत्या की धाराओं को जोड़कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बेरहमी से पीटा

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जनवरी को विनीत को उसके दोस्त जबरदस्ती उसको साथ लेकर गए। उसके बाद चार से पांच दोस्तों की किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। परिजनों का कहना है कि ये सभी युवक विनीत के दोस्त थे और उनका अक्सर एक साथ उठना-बैठना था, लेकिन वह कहासुनी कब गहरी रंजिश में बदल गई, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। आरोप है कि दोस्तों ने मिलकर विनीत पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों और सिर पर गंभीर चोटें आईं। विनीत मौके पर ही अचेत हो गया, जिसके बाद हमलावर उसे मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने विनीत को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। तीन दिनों तक विनीत वेंटिलेटर के सहारे मौत से लड़ता रहा।

मंगलवार की सुबह अस्पताल में उपचार के दौरान विनीत की मृत्यु हो गई। जैसे ही विनीत की मृत्यु की पुष्टि हुई, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्ज एफआईआर में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जिसके बाद गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस की गश्त लगातार जारी

विनीत की मौत के बाद गांव खंडेवला में माहौल काफी संवेदनशील हो गया है। ग्रामीणों में आरोपियों के खिलाफ भारी गुस्सा है। किसी भी अप्रिय घटना या जवाबी हिंसा की संभावना को टालने के लिए पुलिस विभाग ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है। फर्रुखनगर थाने से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फर्रुखनगर थाने में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा की टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें