काम की बात: गुरुग्राम-झज्जर के बीच बनेगा नया हाईवे, रूट के लिए NHAI को दिए गए ये 3 विकल्प

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, दीपक आहूजा
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम को झज्जर को जोड़ने के लिए जल्द ही एक नए हाईवे बनाया जाएगा।एनएचएआई को इसका रूट तय करने के लिए तीन विकल्प दिए गए हैं। एनएचएआई से मंजूरी मिलने के बाद इसके लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।

गुरुग्राम-झज्जर के बीच बनेगा नया हाईवे, रूट के लिए NHAI को दिए गए ये 3 विकल्प

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गुरुग्राम और झज्जर को जोड़ने के लिए नए हाईवे के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सलाहकार ने तीन विकल्प तैयार किए हैं। इन्हें मंजूरी के लिए एनएचएआई सचिव की अध्यक्षता में गठित एलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी को भेज दिया है। तीनों में से किसी एक विकल्प की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की डीपीआर तैयार करवाई जाएगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आदेश जारी किए थे कि गुरुग्राम-झज्जर की कनेक्टीविटी को बेहतर किया जाए। गुरुग्राम-पटौदी रोड पर गांव वजीराबाद से झज्जर को जोड़ रही सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए या नया हाईवे तैयार किया जाए। एनएचएआई ने इस सिलसिले में एक कंपनी को सलाहकार नियुक्त किया था। इस कंपनी ने तीन प्रस्ताव तैयार करके दिए हैं।

ये हैं तीनों विकल्प

पहले प्रस्ताव के मुताबिक, वजीरपुर से झज्जर तक जा रही मौजूदा सड़क की चौड़ाई को बढ़ाया जाए। मौजूदा समय में यह सड़क दोनों तरफ से दो-दो लेन की है, जिसे तीन-तीन लेन करने और साथ में दो-दो लेन की सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इस विकल्प के लिए आसपास लगते गांवों की करीब 395 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना होगा। दूसरे विकल्प के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 352डब्ल्यू स्थित गांव हरसरू से झज्जर तक खेतों से होता हुआ नया हाईवे तैयार किया जाए। इसके लिए 494 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। तीसरे विकल्प के तहत गुरुग्राम-पटौदी रोड से गांव वजीरपुर से खेतों से होते हुए झज्जर तक नया हाईवे तैयार करना है। इसके लिए भी करीब 475 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। इन तीनों हाईवे के निर्माण में करीब तीन से चार हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।

विकल्प नंबर दो में 400 एकड़ सरकारी जमीन

विकल्प नंबर दो के तहत नया हाईवे बनाया जाता है तो इसके रास्ते में 400 एकड़ जमीन हरियाणा सरकार की है। इसके अधिग्रहण की जरूरत नहीं होगी। विकल्प नंबर एक में आधा एकड़ और विकल्प नंबर तीन में करीब साढ़े छह एकड़ जमीन हरियाणा सरकार की आ रही है।

मौजूदा सड़क पर यातायात अधिक, जाम लग रहा

झज्जर जाने के लिए वाहन चालक या तो वजीरपुर से जाते हैं या धनकोट की तरफ से। गांव वजीरपुर से झज्जर की तरफ वाहनों का आवागमन अधिक है। इस रोड पर यातायात जाम लग जाता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए नया हाईवे तैयार करने या मौजूदा सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, ''गुरुग्राम से वजीरपुर होते हुए झज्जर तक यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए सलाहकार कंपनी ने तीन विकल्प सुझाव है। इसको लेकर तैयार सर्वे रिपोर्ट को उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। किसी एक विकल्प की मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर तैयार करने की दिशा में काम होगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।