
इफ्को मेट्रो स्टेशन के दोनों तरफ सर्विस रोड बनेगी, Z चौक पर अंडरपास को मिली मंजूरी
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को जोड़ रही मुख्य रोड के दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड, फुटपाथ और बरसाती नाले का निर्माण करेगा।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की तरफ से इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को जोड़ रही मुख्य रोड के दोनों तरफ सर्विस रोड के निर्माण की तैयारी की जा रही है। इस सर्विस रोड के साथ-साथ फुटपाथ और बरसाती नाला तैयार किया जाएगा।
इससे लोगों को आवाजाही में आसानी होगी। इस योजना के तहत इस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। मौजूदा समय में इफ्को चौक से लेकर गोल्फ कोर्स एक्स्टेंशन रोड को जोड़ रही यह रोड दोनों तरफ से तीन-तीन लेन की है। जीएमडीए की योजना के मुताबिक इस रोड के दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड तैयार की जाएगी। इसके बीच में बरसाती नाला और फुटपाथ तैयार किए जाएंगे। करीब 20 साल पहले इस रोड को तीन-तीन लेन का तैयार किया था, लेकिन मौजूदा समय में यातायात बेहद अधिक हो गया है। ऐसे में इस रोड पर सर्विस रोड बढ़ाने की जरूरत महसूस हो रही है।
इस रोड पर कई रिहायशी सोसाइटियां और कॉलोनियां विकसित हैं। मिलेनियम सिटी सेंटर और इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के अलावा इस रोड पर आरडी सिटी मॉल है। सर्विस रोड न होने से चौराहों से मुख्य रोड पर वाहन आते हैं। इस वजह से सड़क हादसे की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
पैदल यात्रियों को राहत मिलेगी
इस मुख्य रोड पर कई जगह पर फुटपाथ है, लेकिन कुछ जगह पर नहीं है। इस वजह से पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है। इससे सड़क हादसा होने का डर बना रहता है। फुटपाथ बनने के बाद पैदल लोगों को राहत मिलेगी।
जेड चौक पर अंडरपास बनेगा
इस रोड पर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप जेड चौक पड़ता है। मेट्रो स्टेशन के समीप यातायात अधिक होने के चलते जीएमडीए ने इफ्को चौक से लेकर आरडी सिटी कॉलोनी की तरफ तीन-तीन लेन का अंडरपास तैयार करने की योजना है। इस पर करीब 80 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जीएमडीए की बैठक में अंडरपास निर्माण की योजना को मंजूरी मिल चुकी है।





