
गुरुग्राम में सड़क की राह में आ रहे घर टूटेंगे, लोगों को मकान खाली करने को 24 घंटे का दिया समय
गुरुग्राम में सेक्टर-68 और सेक्टर-69 को विभाजित कर रहे मेन रोड के निर्माण में आ रहे मकान तोड़े जाएंगे। इसके लिए गुरुवार दोपहर को मुनादी करवाई गई। इन मकानों में रह रहे लोगों को शुक्रवार तक घर खाली करने का समय दिया गया है।
गुरुग्राम में सेक्टर-68 और सेक्टर-69 को विभाजित कर रहे मेन रोड के निर्माण में आ रहे मकान तोड़े जाएंगे। इसके लिए गुरुवार दोपहर को मुनादी करवाई गई। इन मकानों में रह रहे लोगों को शुक्रवार तक घर खाली करने का समय दिया गया है। इसके बाद यदि मकान को खाली नहीं किया जाता है तो पुलिस बल की मदद से सामान को बाहर निकालकर मकान को जमींदोज किया जाएगा।
बुधवार को मकानों को तोड़ने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का तोड़फोड़ दस्ता पहुंच गया था। इस दस्ते ने कांग्रेसी नेता राजेश यादव के मकान को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया था। कांग्रेसी नेता ने विरोध करते हुए कहा था कि मकान को तोड़ने से पहले उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और ना सामान निकालने का समय दिया गया। जमीन अधिग्रहण और निर्माण के एवज में मुआवजा राशि नहीं दी गई। इस विरोध को लेकर गुरुवार को एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता मोहिन खान ने मुनादी करवाई।
15 हजार परिवारों को राहत मिलेगी
इस मेन रोड के बनने से सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा। यह सड़क गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जुड़ जाएगी। इससे सेक्टर-68, 69 और 70 में विकसित रिहायशी सोसाइटियों में रहने वाले लोग इस मार्ग से गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर आवागमन कर सकेंगे। करीब 15 हजार परिवारों को राहत मिलेगी।
ज्ञानचंद सैनी, एसडीओ सर्वे, ''गुरुवार को सेक्टर-68 और सेक्टर-69 की मुख्य सड़क के निर्माण में आ रहे मकानों को तोड़ने के लिए मुनादी करवाई गई है। उन्हें खाली करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। समयावधि पूरी होने के बाद इन मकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सड़क बनवाई जाएगी।''





