गुरुग्राम में बेकाबू कार का कोहराम, सड़क किनारे खड़े दोस्तों को उड़ाया, CCTV में कैद हुई घटना

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, गौरव चौधरी
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम में 'हिट एंड रन' का एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक कार सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मारती और फिर मौके से भागती देखी जा सकती है। 

साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कों पर तेज रफ्तार के कारण हो रहे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब शहर के सेक्टर-75 इलाके में एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला 'हिट एंड रन' का मामला सामने आया है।

तेज रफ्तार बलेनो कार ने सड़क किनारे खड़े एक ग्राफिक डिजाइनर समेत दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हादसे को अंजाम देने के बाद कार सवार तीनों युवकों ने इंसानियत को पूरी तरह शर्मसार कर दिया। लहूलुहान हालत में तड़प रहे पीड़ितों की मदद करने या उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय आरोपी कार सवार मौके से गाड़ी सहित तेजी से फरार हो गए।

सड़क किनारे खड़े थे दोनों दोस्त, अचानक काल बनकर आई कार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित ग्राफिक डिजाइनर अपने एक दोस्त के साथ सेक्टर-75 इलाके में सड़क के किनारे खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। दोनों युवक सामान्य रूप से किनारे थे, तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बलेनो कार के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक उसे संभाल नहीं पाया और गाड़ी सीधे दोनों युवकों को रौंदते हुए निकल गई।

हादसे की जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटनास्थल पर दोनों युवक खून से लथपथ हालत में पड़े तड़प रहे थे। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए दोनों घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों युवकों के सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

सड़क हादसों में दो लोगों की जान गई

वहीं, गुरुग्राम में गुरुवार को अलग-अलग सड़क हादसों और हुड़दंग की घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया। नेशनल हाइवे और फ्लाईओवरों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक ट्रक चालक और एक मंदिर के पुजारी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक 73 वर्षीय बुजुर्ग का पीजीआईएमएस रोहतक में इलाज चल रहा है। इसके अलावा बिनौला स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेज रफ्तार कार सवार युवकों ने हुड़दंग मचाते हुए तोड़फोड़ कर दी। बिलासपुर और पटौदी थाना पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर के पुजारी को वाहन ने कुचला

रणसिका गांव के हनुमान मंदिर के पुजारी विश्वानंद सरस्वती 30 जून की सुबह स्कूटी से राजपुरा की ओर जा रहे थे । हेलीमंडी फ्लाईओवर पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल पुजारी को विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।