गुरुग्राम की लेडी ठग, घंटों तक कैब में घूमती; पैसे मांगने पर देती छेड़छाड़ के केस की धमकी
गुरुग्राम में एक महिला द्वारा कैब चालक से पैसे ठगने और विरोध करने पर छेड़छाड़ के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैब चालक को झांसे में लेकर ठगी करने और फिर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देने वाली एक महिला का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने कैब चालक की शिकायत पर ज्योति नामक महिला के खिलाफ सोमवार को सेक्टर-29 थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कैब ड्राइवर ने दर्ज कराई शिकायत
नूंह के गांव ढाणा निवासी चालक जियाउद्दीन ने पुलिस को बताया कि पांच जनवरी की सुबह करीब सुबह आठ बजे ज्योति नाम की महिला ने उसकी ओला कैब बुक की। महिला ने पहले उसे सेक्टर-31, फिर बस स्टैंड और उसके बाद शहर में चार घंटों तक घुमाया। इस दौरान महिला ने बहाना बनाया कि उसका फोन बंद हो गया है और उसे कुछ पैसों की सख्त जरूरत है। उसने वादा किया कि फोन चार्ज होते ही वह राइड के किराए के साथ उधार लिए पैसे भी चुका देगी।
ड्राइवर ने पैसों से किया नाश्ता
चालक के मुताबिक उसने महिला की बातों पर भरोसा कर अपनी जेब से 700 रुपये नकद दे दिए। इसके बाद महिला ने अलग-अलग जगहों पर चाय, नमकीन और पकौड़े खाए, जिनका भुगतान (करीब 120 रुपये) भी चालक ने अपने फोन-पे से किया। महिला लगातार उसे झांसा देती रही कि वह सेक्टर-29 पहुंचकर सारा हिसाब चुकता कर देगी।
थाने में मौजूद अन्य चालकों से पूछताछ में पता चला कि यह महिला पहले भी कई चालकों के साथ इसी तरह की हरकत कर चुकी है। वह राइड लेने के बाद पैसे नहीं देती और विरोध करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर उन्हें डरा देती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अगर महिला के खिलाफ आरोप सही मिलेंगे तो कार्रवाई होगी।
कैब में सवार महिला ने हंगामा कर गाली-गलौज की
कैब चालक ने सेक्टर-29 पहुंचकर अपनी राइड बंद करने और घर जाने की बात कही, तो महिला अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि उसने गाड़ी में बैठे-बैठे ही पीछे से चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगी। जब मामला थाने पहुंचा, तो महिला ने चालक को ही धमकी दे डाली कि वह उसके खिलाफ छेड़छाड़ और बैग चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगी।



