गुरुग्राम एनकाउंटर: कभी म्यूजिक बनाने वाला दीपक नांदल बन गया खौफनाक गैंगस्टर
दीपक नांदल गैंग के चार शूटर्स को गुरुग्राम पुलिस ने गुरुवार रात एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम पहले भी कई खौफनाक वारदातों में सामने आ चुका है।

गुरुग्राम में गुरुवार रात हुए भीषण एनकाउंटर में 4 बदमाशों को ढेर कर दिए गया। एक कारोबारी के घर फायरिंग कर रहे शूटर्स के खात्मे के साथ ही एक बार फिर गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम सुर्खियों में आ गया है। बताया जा रहा है कि मारे गए शूटर्स को दीपक नांदल ने ही कारोबारी परिवार को डराने के लिए भेजा था। आखिर कौन है यह दीपक नांदल जिसका नाम हाल में हुई कई वारदातों में सामने आया है।
दीपक नांदल इन दिनों गुरुग्राम में खौफ का दूसरा नाम बन चुका है। लेकिन कुछ सालों पहले तक ही वह हरियाणा-पंजाब में म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा था। दीपक कभी एक तेजी से उभरता म्यूजिक प्रड्यूशर था, जिसने बादशाह और राहुल फाजिलपुरिया जैसे सितारों के साथ काम किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नांदल शुरुआत में भारत से भागकर दुबई चला गया था और ऐसे इनपुट हैं कि अब वह संभवत: यूके में कहीं छिपा है। वह पिछले कुछ सालों से विदेश में रहकर ही भारत में आपराधिक वारदातों खासकर वसूली रैकेट चला रहा है।
फाजिलपुरिया पर कराई थी फायरिंग
दीपक नांदल का नाम उस समय भी सुर्खियों में आया था जब पिछले साल जुलाई में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम के सेक्टर 71 में हमला हुआ था। इस हमले की जिम्मेदारी दीपक नांदल ने ली थी। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में कथित तौर पर नांगल ने कहा था कि राहुल फाजिलपुरिया के साथ उसका रुपयों का लेन-देन है। रुपये नहीं लौटाने पर हमला हुआ है। इसके बाद 4 अगस्त को दिल्ली निवासी रोहित शौकीन की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था। बताया जाता है कि नांदल ने शौकीन से कुछ रुपये उधार लिए थे। पैसा नहीं लौटाए जाने पर शौकीन नांदल को सोशल मीडिया पर भला-बुरा कहने लगा। बाद में नांदल ने पैसे लौटाने के बहाने सेक्टर 77 में शौकीन को बुलाया, जहां बाइक सवार बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी।
बिल्डर के दफ्तर पर ताबड़तोड़ फायरिंग
इसके बाद सितंबर में भी दीपक नांदल का नाम एक खौफनाक घटना में सामने आया। सेक्टर 45 में एमएनआर बिल्डमार्क एलएलपी के दफ्तर पर देर रात बदमाशों ने 25-30 गोलियां दागीं। वारदात की जिम्मेदारी दीपक नांदल ने ली थी। गोलीबारी के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करने वाले ने खुद को दीपक नांदल बताया और कहा रुपये लेनदेन के विवाद की बात कही। उसने कहा, 'रोहित रहेजा का रिश्तेदार नितिन तलवार को 35 लाख रुपये देने हैं। साल 2019 से वह रुपये नहीं दे रहा है। रोहित रहेजा तो परिवार के साथ न्यूजीलैंड भाग गया। जिस जिस को रुपये देने हैं वह हिसाब करे, जो रुपये नहीं देगा उसे मार दिया जाएगा।'
फिरौती की मांग और मारे गए 4 शूटर्स
गुरुग्राम में गुरुवार रात हुए भीषण एनकाउंटर में जिन बदमाशों को मारा गया वह भी दीपक नांदल गिरोह के बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ देर शाम सुशांत लोक के ए-ब्लॉक में हुई। आरोप है कि दीपक नांदल गिरोह के पांच बदमाश गुरुग्राम स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी के फाउंडर के बेटे विशाल बेरी के आवास पर फायरिंग कर रहे थे। तभी वहां पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। भीषण एनकाउंटर में चार बदमाश ढेर कर दिए गए जबकि एक जख्मी हो गया। तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए। बताया जा रहा है कि दीपक नांदल लंबे समय से बेरी से रंगदारी मांग रहा था और पैसे नहीं दिए जाने पर उसने शूटर्स को फायरिंग करके डराने के लिए भेजा था।


