गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय को कार से कुचलने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

Jan 21, 2026 08:15 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम के हयातपुर में मामूली विवाद के बाद स्कॉर्पियो से डिलीवरी बॉय को बार-बार कुचलने के आरोपी आयुर्वेद डॉक्टर नवीन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।

गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय को कार से कुचलने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

गुरुग्राम के गांव हयातपुर के भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर ने रविवार देर रात को गुस्से में तीन से चार बार डिलीवरी ब्वॉय कार से कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने आर्युवेद के डॉक्टर नवीन यादव को सोमवार देर रात को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर, रेवाड़ी के अस्पताल में भर्ती डिलीवरी ब्वॉय टिंकू पंवार के सिर, छाती और पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर हैं। उसकी हालत में सुधार हुआ है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

किस बात को लेकर हुई कहासुनी?

पुलिस जांच में सामने आया है कि भगत सिंह कॉलोनी में डॉक्टर नवीन का घर है। करीब छह महीने पहले खुले स्टोर के बाद से ही गली में जाने के लिए उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। नवीन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि स्टोर खुलने के बाद से ही गली में डिलीवरी ब्वॉय बाइकों को खड़ा करने के साथ-साथ वहां पर ऑर्डर के इंतजार के दौरान गाली-गलौज भी करते थे। इसको लेकर डॉक्टर की कई बार डिलीवरी ब्वॉय के साथ कहासुनी हो चुकी थी। जिस बिल्डिंग में स्टोर चल रहा है उसके मालिक से भी कई बार कहासुनी हुई थी।

सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह डॉक्टर ने जानबूझकर गाड़ी को हथियार की तरह इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद राइडर का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत कर लोगों तक खाना पहुंचाते हैं, लेकिन उनके साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।

मुख्यालय भेजी जाएगी जानकारी

सिविल सर्जन डॉ.लोकवीर ने बताया कि पुलिस की तरफ से डॉक्टर के बारे में लिखित में कोई भी जानकारी नहीं मिली है। पुलिस से जानकारी मिलने के बाद मुख्यालय भेजा जाएगा।

कई बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की

टिंकू ने बताया कि फिर कार चालक ने गाड़ी स्टार्ट करके जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। तीन-चार बार गाड़ी आगे पीछे करके उस पर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम को आरोपी नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया। वह भगत सिंह कॉलोनी का रहने वाला है और प्राइमरी हेल्थ सेंटर, दौलताबाद में आयुर्वेद डॉक्टर है।

सायरन बजाते हुए आया आरोपी डॉक्टर

घायल टिंकू पवार ने बताया कि वह रेवाड़ी के चांदपुर की ढाणी के रहने वाला है। स्विगी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 18 जनवरी की रात को वह स्विगी पॉइंट के बाहर खड़ा था। तभी स्कॉर्पियो ड्राइवर सायरन बजाते हुए आया और बाइक को टक्कर मार दी। जान से मारने की धमकी देने लगा। उन्होंने बताया कि अभी उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पहले से फायदा हुआ है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें