गुरुग्राम में ममेरे भाई ने इंटर्न छात्रा की जान ली, बेड में छिपाई लाश; क्या वजह?
गुरुग्राम के शंकर की ढाणी में 23 वर्षीय युवती सोनी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसका शव बेड में छिपा दिया गया। हत्या का आरोप उसके ममेरे भाई देवेश पर है, जो घटना के बाद से फरार है।

गुरुग्राम के शंकर की ढाणी गांव में एक 23 साल की युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवती यूपी की रहने वाली थी और गुरुग्राम में इंटर्नशिप कर रही थी। आरोप है कि उसके ममेरे भाई ने उसकी हत्या कर लाश को बेड के अंदर छिपा दिया और फरार हो गया। आरोपी पिछले पांच वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस इसे रंजिश का मामला मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान सोनी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली थी। वह गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में काम करती थी। वह शंकर की ढाणी गांव में 2 अन्य महिलाओं के साथ किराए के मकान में रहती थी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को रात करीब 12:30 बजे बगल वाले कमरे में रहने वाली एक युवती की लाश बेड के नीचे मिली। पुलिस की टीमों ने घटनास्थल से फोरेंसिक सबूत इकट्ठा किए और इलाके के निवासियों से पूछताछ की। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है। पुलिस ने मानेसर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया है।
युवती के भाई दलीप कुमार की शिकायत पर ममेरे भाई देवेश के खिलाफ आईएमटी मानेसर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वह करीब एक माह पहले गुरुग्राम आई थी। एक निजी कंपनी में इंटर्नशिप कर रही थी। दो अन्य युवतियों के साथ शंकर की ढाणी में किराये के कमरे में रह रही थी। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी मिलने पर देवेश भी आईएमटी मानेसर आ गया और सोनी के कमरे के साथ वाला कमरा किराये पर लेकर रहने लगा था। कई बार युवती भी देवेश से मिलने जाती थी।
सोमवार को नहीं गई थी कंपनी
कमरे में साथ रहने वाली युवतियों ने पुलिस को बताया कि 11 मई को सोनी कंपनी में न जाकर कमरे में ही रुकी थी। वह दोनों कंपनी में चली गई थी। शाम को वे कंपनी से वापस आई तो सोनी कमरे में नहीं थी। उन्होंने उसके मोबाइल पर कॉल की तो फोन नहीं उठ रहा था। रात करीब नौ बजे वे दोनों देवेश के कमरे में गई तो वे दोनों वहां नहीं मिले और उसका सामान भी गायब था। फिर से सोनी के मोबाइल पर कॉल की तो फोन नहीं उठा। इसके बाद जब उन्होंने देवेश के कमरे में बेड को खोला तो युवती का शव मिला। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद आईएमटी मानेसर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
गला दबाकर हत्या करने की आशंका
आईएमटी मानेसर थाने की पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट और सीन ऑफ क्राइम की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। युवती की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम होने व रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि युवती की मौत गला दबाने से हुई है या अन्य कोई कारण है।
मामा के लड़के पर हत्या का आरोप
सोनी के भाई दलीप कुमार का आरोप है कि करीब पांच साल पहले देवेश ने उसकी छोटी बहन को नौकरी लगवाने के बहाने कोर्ट मैरिज के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। इसके बाद से ही देवेश द्वारा सोनी को परेशान किया जा रहा था।
गला दबाकर हत्या, लाश छिपाकर फरार
मृतका के भाई का आरोप है कि सोमवार की रात को देवेश ने सोनी की गला दबाकर हत्या करके शव बेड में छुपा दिया और मौके से भाग गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके मामले में छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
(हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट के साथ)
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


