
गुरुग्राम में रेव पार्टी का भंडाफोड़; मीडियाकर्मियों पर बाउंसरों का अटैक, हंगामा
गुरुग्राम के एक बार में शनिवार को रेव पार्टी का भंडाफोड़ हुआ। घटना को कवर करने गए पत्रकारों पर आयोजकों और बाउंसरों की ओर से हमला बोल दिया गया। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची और पत्रकारों को बचा लिया।
गुरुग्राम के एक बार में रेव पार्टी को कवर करने गए पत्रकारों पर शनिवार को आयोजकों और बाउंसरों की ओर से ही हमला बोल दिया गया। यह घटना गुरुग्राम के सेक्टर-49 के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एक कैफे में हुई। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बाउंसरों ने रिकॉर्डिंग रोकने और माइक छीनने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह पत्रकारों को बचा लिया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
बताया जाता है कि गुरुग्राम पुलिस को दी शिकायत में एक मीडियाकर्मी ने बताया है कि उनको सूचना मिली थी कि सेक्टर-49 में गोल्फ कोर्स रोड स्थित हाचा कैफे में एक ग्रुप देर रात से रेव पार्टी कर रहा है। यह ग्रुप तेज म्यूजिक चला रहा है जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। पार्टी सुबह छह बजे शुरू हुई थी। इसमें दिल्ली और एनसीआर के युवक युवतियां पहुंचे थे।
इस खबर को कवर करने मौके पर मीडियाकर्मियों की एक टीम पहुंची। इस पर क्लब के बाउंसरों ने मीडियाकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वक्त पुलिस टीम मौजूद थी। पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। हमलावरों ने मीडियाकर्मियों को धमकियां देते हुए माइक और आईडी छीनने की कोशिश की। हमलावरों ने मीडियाकर्मियों के वाहन पर भी पथराव किया। इसमें एक कार का शीशा टूट गया।
पुलिस ने मीडियाकर्मियों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि इस रेव पार्टी के लिए आबकारी विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। गुरुग्राम सेक्टर-50 के थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी और वीडियो फुटेज की छानबीन चल रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)





