
चाकू खरीदकर 1 महीने बाद लौटा, बीच सड़क पर पत्नी का किया कत्ल; गुरुग्राम में सनसनीखेज मर्डर
गुरुग्राम में एक शराबी पति ने आपसी झगड़े में शनिवार को सेक्टर-15 पार्ट-2 मार्केट में बीच सड़क पर पत्नी की ताबड़तोड़ चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात को थाने से चंद कदम दूरी पर अंजाम दिया गया।
गुरुग्राम में एक शराबी पति ने आपसी झगड़े में शनिवार को सेक्टर-15 पार्ट-2 मार्केट में बीच सड़क पर पत्नी की ताबड़तोड़ चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात को थाने से चंद कदम दूरी पर अंजाम दिया गया। आरोपी एक महीने से दिल्ली में रह रहा था और पत्नी की हत्या के इरादे से ही वापस लौटकर आया था।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-15 पार्ट-2 के पास एक व्यक्ति ने एक महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया है। वह सड़क पर लहूलुहान पड़ी है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो महिला खून से लथपथ मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय धन्नी उर्फ पपीता के रूप में हुई। वह मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रहने वाली थी। वर्तमान में गुरुग्राम के पटेल नगर में रहती थी। महिला के भाई ने पुलिस को बताया कि धन्नी अपने पति करण सिंह और बच्चों के साथ रहती थी और घरों में साफ-सफाई का काम करके गुजारा करती थी। उसका पति करण सिंह शराबी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वह शराब खरीदने के लिए हमेशा पैसे मांगता था।
घटनास्थल का निरीक्षण किया : पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के लिए एफएसएल और सीन-ऑफ-क्राइम टीमों को बुलाया। सिविल लाइंस थाना गुरुग्राम में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मृतका का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी पति बोला- पुराने झगड़े का बदला लिया
पुलिस की पूछताछ में आरोपी करण सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि करीब एक महीने पहले उसका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। उसके बाद वह दिल्ली के पीतमपुरा चला गया था। रंजिश रखते हुए उसने साइकिल पर चाकू बेचने वाले व्यक्ति से 60 रुपये में एक चाकू खरीदा। सुबह जब धन्नी अपने काम पर जा रही थी, तो करण ने उसे रोका और चार से पांच बार ताबड़तोड़ चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम से ही पकड़कर गिरफ्तार कर लिया है।





