गुरुग्राम के बैंक्वेट हॉल में भीषण आग, शादियों के सीजन के बीच लाखों का टेंट जलकर खाक
साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-5 स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर शुक्रवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 3:15 बजे की है।

साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-5 स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर शुक्रवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 3:15 बजे की है। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया।
शादी की सजावट बनी 'ईंधन'
वर्तमान में शादियों का सीजन चरम पर है, जिसके चलते पूरे बैंक्वेट हॉल में भारी मात्रा में कपड़े का टेंट, थर्मोकोल की सजावट और प्लास्टिक की लाइटिंग का काम किया गया था। इन ज्वलनशील सामग्रियों के कारण आग ने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें काफी दूर से भी देखा जा सकता था।
रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और 6 फायर टेंडर गाड़ियां आग बुझाने के लिए अलग-अलग स्टेशनों से मौके पर भेजी गईं। इसके साथ ही सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंचीं ताकि किसी भी जनहानि को रोका जा सके। वहीं पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के रास्ते बंद कर दिए हैं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में दमकल अधिकारियों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। गनीमत यह रही कि हादसा सुबह के वक्त हुआ जब हॉल में मेहमान मौजूद नहीं थे, वरना बड़ी त्रासदी हो सकती थी।
आग बुझने पर चलाया सर्च अभियान
शादी का कार्यक्रम रात में समाप्त हो चुका था। आग बुझने के बाद सघन सर्च अभियान चला गया है ताकि कोई अनहोनी न हो। आग के कुछ देर बाद आसपास घरों में रहने वाले लोग बाहर निकले और बताया की देर रात तक यहां लाइट जलती देखी गई थी। फायर और पुलिस टीमों के सायरन सुनकर उनकी आंख खुली।
गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद जोरदार धमाके भी सुने गए, संभवतः गैस सिलेंडर या इलेक्ट्रिकल उपकरणों में ब्लास्ट हुए हैं। सेक्टर पांच थाना पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 7 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया। जांच के बाद आग की सटीक वजह और नुकसान का आकलन किया जाएगा।





