काम की बात: गुरुग्राम में 500 मकान मालिकों को मिले नोटिस, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ऐक्शन में HSVP

लाइव हिन्दुस्तान
share

अगर आप भी अपने घर में कोई दुकान चलाते हैं या दूसरा बिजनेस करते हैं तो अब सावधान हो जाइए। एचएसवीपी ने ऐसे मकान मालिकों का खिलाफ ऐक्शन लेना शुरू कर दिया है। अब तक करीब 500 लोगों को विभाग की तरफ से नोटिस भेजे गए हैं।

Gurugram city view Representative image.
गुरुग्राम शहर का दृश्य - सांकेतिक तस्वीर।

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने गुरुग्राम शहर के रिहायशी सेक्टरों में नियमों को ताक पर रखकर घरों के अंदर व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वाले मकान मालिकों पर अब कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के संपदा कार्यालय-एक और संपदा कार्यालय-दो द्वारा चलाए जा रहे व्यापक सर्वेक्षण (सर्वे) के आधार पर गुरुग्राम में अब तक लगभग 500 मकान मालिकों को कारण बताओ और जब्ती के नोटिस थमाए जा चुके हैं।

सुप्रीम कोर्ट के बीते 22 सितंबर के सख्त आदेशों के बाद विभाग ने इस कार्रवाई को तेज करते हुए उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। यहां रिहायशी इलाकों में बिना अनुमति चलाए जा रहे क्लीनिक, कार्यालय, पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास, दुकानें, बुटीक और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को सर्वे टीमों द्वारा लगातार चिह्नित किया जा रहा है। संपदा कार्यालय-1 के अधिकार क्षेत्र में सर्वे के दौरान लगभग 100 मकान मालिकों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस दिए गए हैं। इनमें से करीब 100 मकान मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

सर्वेक्षण टीम निर्माणाधीन मकानों की जांच कर रही

सर्वे टीमों द्वारा निर्माणाधीन मकानों की जांच की जा रही है, जहां स्वीकृत नक्शे से अलग जाकर या निर्धारित फ्लोर एरिया रेशियो से अधिक निर्माण किया जा रहा है। उल्लंघन पाए जाने पर निर्माण कार्य को तुरंत रोकने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं और स्वीकृत सीमा से बाहर किए गए निर्माण को गिराने की चेतावनी दी जा रही है। 22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिहायशी क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने के लिए दिए गए कड़े दिशा-निर्देशों के बाद गुरुग्राम प्रशासन और एचएसवीपी हरकत में आए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि मकान मालिक अवैध गतिविधियां बंद नहीं करते हैं, तो मकान का आवंटन रद्द किया जाएगा।

बकाया रकम न भरने पर चार संपत्तियां सील

वहीं, गुरुग्राम नगर निगम ने भी गुरुग्राम ने संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। जोन-5 और जोन-6 के प्रवर्तन दलों ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बड़ी डिफॉल्टर संपत्तियों को सील कर दिया। इन सभी संपत्तियों पर कुल एक करोड़ 51 लाख 64 हजार रुपये का संपत्ति कर बकाया चल रहा था। जोन-5 के तहत प्रवर्तन टीम ने सेक्टर-16 स्थित सिकोम लिमिटेड और जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर सेक्टर-16 स्थित टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड की संपत्तियों को सील किया। सिकोम लिमिटेड पर 83 लाख 56 हजार 982 रुपये और टेकप्रो सिस्टम्स पर 37 लाख 59 हजार 951 रुपये का कर बकाया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsगुरुग्राम में 500 मकान मालिकों को नोटिस, SC के आदेश के बाद ऐक्शन में HSVP