गुरुग्राम में ये 43 रोड 3 महीने में होंगे चकाचक, GMDA 166 करोड़ रुपये खर्च कर संवारेगा सड़कों की सूरत

Feb 11, 2025 02:59 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गुरुग्राम। हिन्दुस्तान
share

गुरुग्राम की मुख्य सड़कों और सर्विस सड़कों को अगले तीन महीने के अंदर गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। 15 फरवरी तक 43 सड़कों की मरम्मत और निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इनके निर्माण पर करीब 166 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

गुरुग्राम में ये 43 रोड 3 महीने में होंगे चकाचक, GMDA 166 करोड़ रुपये खर्च कर संवारेगा सड़कों की सूरत

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की मुख्य सड़कों और सर्विस सड़कों को अगले तीन महीने के अंदर गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। 15 फरवरी तक 43 सड़कों की मरम्मत और निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इनके निर्माण पर करीब 166 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्यामल मिश्रा ने सोमवार की समीक्षा बैठक में आदेश जारी किए कि सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य अतिशीघ्र शुरू किया जाए। जीएमडीए ने दिसंबर माह में मुख्य सड़कों और सर्विस सड़कों के निर्माण और मरम्मत को लेकर टेंडर आवंटित कर दिए थे। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर ग्रैप 3 और 4 लागू किया हुआ था। इस वजह से काम शुरू नहीं हो सका था। पिछले सप्ताह ग्रैप 3 और 4 हट चुका है।

इसके बाद मुख्य अभियंता अरुण धनखड़ ने सभी ठेकेदार कंपनियों को आदेश जारी किए हैं कि सड़कों की मरम्मत और निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाए। इसके तहत चार दिन पहले दादी सती चौक से लेकर मानेसर तक सड़क का निर्माण कार्य किया जा चुका है। सेक्टर-58 से लेकर 67 तक दो-दो लेन की सर्विस रोड का निर्माण कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। 15 फरवरी तक सभी सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

इन सड़कों पर आवागमन सुमग होगा : सेक्टर-23-23ए, सेक्टर-18-19, महावीर चौक से लेकर अतुल कटारिया चौक, सेक्टर-15 के पार्ट एक और दो, न्यू रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, सिविल लाइंस रोड, सेक्टर-नौ-नौए रोड, सेक्टर-30-31, 33-34, सेक्टर-57 के पार्ट एक और दो, 49-50, 69-70, 70-75, 70-70ए, 25-28, 24-26 को विभाजित कर रही मुख्य सड़कों की विशेष मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा सेक्टर-90-93, 92-95, 91-92, 92-95 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क के अलावा सेक्टर-91 की बाहरी सड़क की विशेष मरम्मत की जाएगी। इसी तरह सेक्टर-81-81ए से सेक्टर-86-87, सेक्टर-90-91, सेक्टर-82-85 से 83-84, की मुख्य सड़क के अलावा सेक्टर-87 की बाहरी सड़क की विशेष मरम्मत होगी।

एसपीआर की मरम्मत की मंजूरी चुनाव आयोग से ली जाएगी

जीएमडीए ने एसपीआर (सर्दर्न पेरिफेरियल रोड) की मरम्मत का टेंडर लगाया हुआ है। इसकी मरम्मत पर करीब 9.65 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। छह कंपनियों ने टेंडर के तहत आवेदन किया है। वित्तीय बिड को खोला जा चुका है। अब मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में इस टेंडर को लेकर ठेकेदार कंपनियों के साथ नेगोसिएशन होना है। जीएमडीए की योजना है कि इस टेंडर को आवंटित करने की मंजूरी चुनाव आयोग से ली जाए। निगम चुनाव को लेकर आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में टेंडर आवंटित करने में जीएमडीए को चुनाव आयोग की मंजूरी लेना आवश्यक है। ये रोड दिल्ली-जयपुर हाइवे, द्वारका एक्सप्रेस वे, गुरुग्राम-सोहना हाईवे और गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड को आपस में जोड़ती है।

अरुण धनखड़, मुख्य अभियंता, जीएमडीए, ''अगले तीन माह में शहर की मुख्य सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। 15 फरवरी तक कार्य शुरू हो जाएंगे। आचार संहिता लगने से एसपीआर का टेंडर आवंटित नहीं हो सका। चुनाव आयोग से मंजूरी ली जाएगी। चुनाव आयोग को एसपीआर की बदहाल हालत के बारे में अवगत करवाया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।