
भड़काऊ पोस्ट करने पर युवक धरा
गुरुग्राम में एक युवक हरिओम मिश्रा को भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने जानबूझकर एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा था। पुलिस ने आरोपी को कौशांबी से गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ FIR दर्ज की। यह कार्रवाई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के लिए चेतावनी है।
गुरुग्राम। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भड़काऊ पोस्ट डालकर कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने के आरोप में उत्तर प्रदेश में प्रयागराज से गुरुग्राम की साइबर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय हरिओम मिश्रा उर्फ शौर्य मिश्रा के रूप में हुई है। वह कौशांबी जिले के चरवा गांव का रहने वाला है। आरोपी भाजयुमो का जिला उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। 11 दिसंबर को शिकायकर्ता ने साइबर अपराध थाना (पश्चिम) में लिखित शिकायत दी। इसमें बताया गया था कि एक विशेष एक्स अकाउंट से कुछ ऐसी पोस्ट डाली गई हैं जो न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि समाज में धार्मिक विद्वेष फैलाकर शांति भंग कर सकती हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। कौशांबी से जिले में लाई पुलिस : गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) साइबर अपराध प्रियान्शु दिवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। निरीक्षक संदीप कुमार की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा करते हुए आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के कौशांबी में ट्रेस की। 15 दिसंबर को पुलिस टीम ने कौशांबी में दबिश देकर आरोपी हरिओम मिश्रा को धर दबोचा। मंगलवार को आरोपी को गुरुग्राम लेकर पुलिस टीम पहुंची। एलएलबी की पढ़ाई कर रहा आरोपी पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखी और उसे अपने अकाउंट से साझा कर दिया। उसने पुलिस के सामने यह भी माना कि वह जानता था कि यह पोस्ट आपत्तिजनक है और इससे भावनाएं आहत हो सकती हैं, फिर भी उसने इसे वायरल किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है जिसका इस्तेमाल इस अपराध को अंजाम देने के लिए किया गया था। गुरुग्राम पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से सोशल मीडिया यूजर्स को सख्त संदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब समाज की शांति भंग करना नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




