संशोधित:: दिन में 38 डिग्री की गर्मी ने छुड़ाए पसीने, शाम को बारिश और ओलावृष्टि से मिली बड़ी राहत
- बुधवार को मौसम का मिजाज रहा परिवर्तनशील, सुबह बूंदाबांदी तो दोपहर में तीखी धूप संशोधित:: दिन में 38 डिग्री गर्मी ने छुड़ाए पसीने,

गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। गुरुग्राम में बुधवार का दिन मौसम ने कई करवट बदली। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे, तो वहीं दोपहर में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया। शाम के समय झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। दस मिनट तक तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। बुधवार सुबह की शुरुआत धूप-छांव के खेल से हुई। सुबह करीब 11 बजे तक आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में दो-तीन मिनट की हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दफ्तर जाने वालों को इससे क्षणिक राहत मिली, लेकिन 11 बजे के बाद मौसम ने तीखे तेवर अपना लिए। आसमान साफ होते ही चिलचिलाती धूप निकल आई और बारिश के बाद पैदा हुई उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए।
शाम को अचानक बदला मिजाज, ओलावृष्टि ने दी राहत
दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद शाम करीब 7:45 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने काले बादल घिर आए और तेज रफ्तार हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के बीच शहर के कुछ हिस्सों, विशेषकर द्वारका एक्सप्रेसवे और उससे सटे क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि देखने को मिली। यहां लगातार 10 मिनट तक तेज ओले गिरे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। इस बारिश ने पारे को अचानक नीचे ला दिया और ठंडी हवाओं ने पूरे मौसम को खुशनुमा बना दिया।
तापमान में दर्ज हुआ बड़ा उछाल
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार 36.1 डिग्री के मुकाबले 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 1.2 डिग्री की गिरावट आई है। दिन के समय तापमान में भारी बढ़ोतरी ने भले ही लोगों को झुलसाया, लेकिन शाम की बारिश ने शहरवासियों को इस तपिश से पूरी तरह निजात दिला दी है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


