
सेक्टर-55 में 5 दिन से मोटर खराब, 50 से अधिक घरों में पानी बंद
- ऊंचाई वाले हुडा प्लॉट प्रभावित, 100 से अधिक परिवार पानी की किल्लत से जूझ रहे, लगातार शिकायतों के बाद भी निगम मौन
गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। साइबर सिटी के सेक्टर-55 में पिछले पांच दिनों से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। एक बूस्टर पंप की मोटर खराब होने के कारण पहाड़ी क्षेत्र में स्थित लगभग 50 से अधिक घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। इस क्षेत्र के सौ से अधिक परिवार जल संकट से जूझ रहे हैं, जबकि नगर निगम लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सेक्टर-55 के हुडा प्लॉट दो भागों में बंटे हैं एक कम ऊंचाई पर और दूसरा काफी ऊंचाई पर। ऊंचाई वाले घरों (मकान नंबर 206 से 234) में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दो साल पहले एक बूस्टर पंप स्थापित किया गया था।

स्थानीय निवासी राजेश ने बताया कि बीते पांच दिनों से इसी बूस्टर पंप की मोटर खराब पड़ी है, जिसके कारण इन घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। निवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद को भी शिकायत की है, लेकिन निगम की तरफ से अभी तक मोटर की मरम्मत या नई मोटर लगाने का कोई कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। सेक्टर-55 में जहां पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है वहां पर क्या समस्या है इसको लेकर संबधित अधिकारी को निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही लोगों की समस्या का समाधान करवाया जाएगा। - विजय ढाका, मुख्य अभियंता, नगर निगम, गुरुग्राम।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




