श्मशान का रास्ता बंद होने पर ग्रामीण भड़के
गुरुग्राम के समसपुर गांव में ग्रामीणों ने HSVP पर श्मशान भूमि का रास्ता बंद करने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि यह पुराना पंचायती मार्ग है, जिसके बंद होने से अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मंत्री राव नरबीर सिंह से शिकायत कर समाधान की मांग की।

गुरुग्राम। समसपुर गांव के लोगों ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) पर रातों-रात तीन फीट की दीवार बनाकर श्मशान भूमि का रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। इससे ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। शनिवार को दीवार के पास जमा होकर लोगों ने विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कैबिनेट मेत्री राव नरबीर सिंह से भी शिकायत की है। गांव वालों का कहना है कि यह उनका पुराना पंचायती रास्ता है। इस समस्या का हल निकालने के लिए गांव में पंचायत हुई। ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर बादशाहपुर के विधायक और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के पास पहुंचे। ग्रामीण योगिंद्र ने बताया कि रास्ता बंद होने से गांव वालों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
अंतिम संस्कार के लिए श्मशान भूमि तक जाना बंद हो गया है। शनिवार को भारी संख्या में गांव वाले बंद रास्ते पर जमा हुए। इस मनमानी के खिलाफ विरोध जताया। गुरु कमल कार्यालय में मंत्री ने लोगों की समस्या को ध्यान से सुना और उन्हें मामले का हल निकालने का भरोसा दिया है।ग्रामीणों योगेंद्र सिंह, सतबीर, धर्मपाल और रमेश के अनुसार यह रास्ता करीब पांच कर्म (27 फीट) चौड़ा पुराना रेवेन्यू रास्ता है, जो गांव की श्मशान भूमि तक जाता है। पंचायत में मौजूद लोगों ने बताया कि सेक्टर-51 की प्लानिंग के दौरान पहले भी इस रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। अधिकारियों को पत्र लिखकर समाधान की मांग की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि अब नए लेआउट प्लान के तहत रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। बता दें कि एचएसवीपी द्वारा जब समसपुर के पास सेक्टर-51 को विकसित किया था, तब रास्ते को सेक्टर के अंदर शामिल कर लिया था। लेआउट प्लान के अनुसार विभाग की ओर से रास्ते को बंद करने के लिए दीवार बनाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


