Gurgaon News: मानेसर औद्योगिक क्षेत्र के साथ अब मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनेगा
Gurgaon News: बदलता गुरुग्राम: -एचएसआईआईडीसी में विकसित करने की तैयारी तेजी से चल रही है -पातली में विशाल ट्रांसपोर्ट नगर व वेयरहाउसिंग हब तैयार हो रहा है -नाहरपुर

Gurgaon News: बदलता गुरुग्राम: एचएसआईआईडीसी ने इस परियोजना को विकसित करने की तैयारी तेज की
यह हब केएमपी एक्सप्रेसवे और एनसीाअर के अन्य प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ेगा
अमर मौर्य
गुरुग्राम। मानेसर औद्योगिक क्षेत्र के साथ पंचगांव में एक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब भी विकसित किया जाएगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने इस परियोजना को विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। यह हब कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ेगा। इससे औद्योगिक परिवहन और यात्रियों के आवागमन में काफी सुधार होगा।
मानेसर के नाहरपुर कासन में आधुनिक बस डिपो
मानेसर के नाहरपुर कासन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पहला सिटी बस डिपो बनाया जा रहा है। इसमें ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन, मेंटेनेंस वर्कशॉप और ड्राइवर सुविधा केंद्र शामिल होंगे। इसके शुरू होने से सेक्टर-80 से 95 और मानेसर के 30 से अधिक गांवों के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन मजबूत होगा। गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड मानेसर और गुरुग्राम के बीच ई-बसों का नेटवर्क तेजी से बढ़ाएगा। औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नए बस स्टॉप और ट्रंक रूट तैयार किए जा रहे हैं।
पातली में ट्रांसपोर्ट नगर का विकास
एचएसआईआईडीसी की ओर से पातली में 243 एकड़ में एक विशाल ट्रांसपोर्ट नगर और वेयरहाउसिंग हब विकसित किया गया है। यह ट्रकों की आवाजाही, लोडिंग-अनलोडिंग और वेयरहाउसिंग की जरूरतों को पूरा करेगा। इस हब में करीब 140 एकड़ जमीन में फ्लिपकार्ट ने अपने वेयरहाउस का निर्माण कार्य शुरू किया है। इससे मानेसर क्षेत्र जल्द ही बड़े लाजिस्टिक हब के रूप में भी उभरेगा। इससे क्षेत्र के लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।
दिल्ली से मानेसर के बीच पॉड-टैक्सी की योजना
दिल्ली के धौला कुआं से मानेसर के बीच मेट्रो और पॉड-टैक्सी चलाने की योजना है। इससे दिल्ली-एनसीआर के बीच भारी ट्रैफिक की समस्या से निजात मिलेगी और कम समय में यात्रा पूरी हो सकेगी। एचएसआईआईडीसी के प्रबंधन निदेशक सुशील सारवान ने कहा कि मानेसर को एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने के लिए कई बड़ी परियोजना पर काम चल रहा है।पातली में ट्रांसपोर्ट नगर और वेयरहाउसिंग हब, नाहरपुर कासन में पहला सिटी बस डिपो और दिल्ली से मानेसर के बीच मेट्रो व पॉड-टैक्सी की योजना शामिल है।
प्रश्नोत्तरी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


