
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
गुरुग्राम में बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दोनों फरीदाबाद के निवासी थे। साहिब की अस्पताल में मौत हुई, जबकि इमरान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने फरार पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम। बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर गांव बादशाहपुर टैठड़ के निकट रविवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक फरीदाबाद जिले के गांव टीकरी खेड़ा के निवासी थे। इस हादसे में घायल युवक साहिब की मौत घटना के दिन रविवार को ही अस्पताल में हो गई थी, जबकि दूसरे घायल युवक इमरान ने सोमवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोहना सदर थाना के अधीन आने वाली निमौठ चौकी पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फरार अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार की सुबह सवा आठ बजे फरीदाबाद के थाना धौज के अधीन आने वाले गांव टीकरी खेड़ा निवासी 20 वर्षीय साहिब और 26 वर्षीय इमरान एक बाइक से सोहना के गांव राहाका के निकट स्थित अमेज़न कंपनी में ड्यूटी पर आ रहे थे। साहिब और इमरान जब निमौठ चौकी क्षेत्र के गांव बादशाहपुर टैठड़ के निकट पहुंचे, उसी समय बल्लभगढ़ की तरफ से आ रही एक पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार साहिब और इमरान सड़क पर जा गिरे। दोनों घायलों को तुरंत निजी वाहनों की मदद से धौज के निकट अल-फलाह मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने साहिब को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल इमरान को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन इमरान को फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां सोमवार को इमरान ने भी दम तोड़ दिया। सोहना निमौठ चौकी प्रभारी एसआई रोहित कुमार ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर खड़ी पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक साहिब के ताऊ के लड़के अरशद की शिकायत पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




