
ट्रैक्टर के नीचे दबने से पंचायत समिति के सदस्य की मौत
गुरुग्राम के हसनपुर गांव में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार की मौत हो गई। ट्रैक्टर और ट्रॉली की कपलिंग टूटने से ट्रैक्टर पलट गया और अजय ट्रैक्टर के नीचे दब गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
गुरुग्राम। हसनपुर गांव में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में गांव के पंचायत समिति सदस्य 40 वर्षीय अजय कुमार की मौत हो गई। खेत से लौटते समय ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली कपलिंग अचानक टूट गई, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। अजय ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी गर्दन की हड्डी टूट गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार शुक्रवार शाम को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलते ट्रैक्टर में अचानक ट्रॉली और इंजन के बीच का जोड़ (कपलिंग) टूट गया।
कपलिंग टूटते ही ट्रैक्टर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह बीच सड़क पर ही पलट गया। अजय कुमार को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और अजय के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया और पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। शनिवार को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद अजय का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




