
सोहना के दमदमा चौक पर लाल बत्ती खराब
- कैंटर की टक्कर से टूटी लाइटें, परिषद ने आरोपी चालक से नहीं वसूला हर्जाना, स्कूल जाने वाले बच्चे जान जोखिम में डालकर कर रहे हैं सड़क पार
सोहना, संवाददाता। सोहना शहर के मुख्य दमदमा चौक पर लगी ट्रैफिक की लाल बत्तियां पिछले तीन माह से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण इस व्यस्त चौराहे पर पूरे दिन जाम का माहौल बना रहता है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी केवल सुबह, शाम और दोपहर के व्यस्त समय में ही वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। दमदमा चौक की लाल बत्तियां एक कैंटर चालक द्वारा लापरवाही से टक्कर मारे जाने के कारण टूट गई थीं। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद प्रशासन ने कैंटर चालक की पहचान होने के बावजूद चुप्पी साध रखी है। आज तक न तो उस चालक से बत्तियों को ठीक कराया गया है और न ही बत्ती टूटने से हुए नुकसान की राशि वसूली गई है।
सूत्रों के अनुसार, परिषद प्रशासन ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। इस चौक से एक दिन में 20 से 25 हजार वाहनों का आवागमन होता है। दमदमा चौक पर 24 घंटे में करीब 30 बार जाम लगता है। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह 8 से 10 बजे, दोपहर 1 से 3 बजे और सायं 7 से 9 बजे के दौरान होती है। इन समयों में जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें चौक के चारों मार्गों पर दूर तक लग जाती हैं। शाम 7 बजे के बाद तो जाम का असर सामान्य बस स्टैंड तक पहुँच जाता है, जिससे लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थिति इतनी गंभीर है कि दोपहर के समय स्कूल जाने वाले बच्चे अपनी जान हथेली पर रखकर इस व्यस्त चौक को पार करने के लिए मजबूर हैं। नगर परिषद सोहना की कार्यकारी अधिकारी सुमन लता ने कहा है कि जेई (जूनियर इंजीनियर) को उक्त रेड लाइट जल्द से जल्द लगाने के आदेश दे दिए गए हैं और संबंधित ठेकेदार को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




