पराठे के पैसे मांगने पर रेहड़ी संचालक को पीटा

Jan 03, 2026 07:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांव
share Share
Follow Us on

गुरुग्राम के पालम विहार में एक रेहड़ी संचालक राममिश्रा पर आरोपी हितेश यादव और उसके साथियों ने मारपीट की और रेहड़ी में तोड़फोड़ की। जब राममिश्रा ने खाने का बिल मांगा, तो हितेश ने रौब झाड़ते हुए पैसे देने से मना किया और अपने साथियों को बुला लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पराठे के पैसे मांगने पर रेहड़ी संचालक को पीटा

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। साइबर सिटी के पालम विहार इलाके में दबंगई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। एक रेहड़ी संचालक को सिगरेट और खाने के पैसे मांगना इतना भारी पड़ गया कि आरोपी ने खुद को इलाके का दंबग बताते हुए न केवल मारपीट की, बल्कि रेहड़ी में तोड़फोड़ कर धमकी भी दी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी राममिश्रा पालम विहार इलाके में चाय और पराठे की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे मोलाहेड़ा गांव का रहने वाला हितेश यादव अपनी गाड़ी से उनके पास पहुंचा।

उसने चाय, सिगरेट और दो पराठे लिए, जब राममिश्रा ने खाने का बिल मांगा, तो आरोपी भड़क गया। पीड़ित के अनुसार आरोपी हितेश ने पैसे देने के बजाय रौब झाड़ना शुरू कर दिया। उसने चिल्लाते हुए कहा कि वह स्थानीय निवासी है और इस इलाके में उसकी चलती है, इसलिए वह पैसे नहीं देगा। जब रेहड़ी संचालक ने इसका विरोध किया और सामान के बदले भुगतान की बात कही, तो आरोपी ने फोन कर अपने चार से पांच साथियों को मौके पर बुला लिया। रेहड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट आरोपियों ने पहुंचते ही राममिश्रा पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने रेहड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। जब वहां काम करने वाले एक अन्य युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। पालम विहार थाना पुलिस ने पीड़ित राममिश्रा के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने हितेश यादव और उसके अन्य साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;