ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR गुरुग्रामनिगम क्षेत्र के 1700 घरों पर कार्रवाई की तलवार

निगम क्षेत्र के 1700 घरों पर कार्रवाई की तलवार

गुरुग्राम। नगर निगम के नोटिस के बाद भी मकानों के कब्जा प्रमाणपत्र (ओसी) नहीं...

निगम क्षेत्र के 1700 घरों पर कार्रवाई की तलवार
हिन्दुस्तान टीम,गुड़गांवSun, 13 Jun 2021 11:20 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम। नगर निगम के नोटिस के बाद भी मकानों के कब्जा प्रमाणपत्र (ओसी) नहीं लेने वाले मकान मालिकों के लिए बुरी खबर है। नगर निगम क्षेत्र में ऐसे 1700 मकानों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। निगम ऐसे मकानों को सीलिंग कर उनके पानी-सीवर का कनेक्शन काटेगा। निगम के डीटीपी दफ्तर की तरफ से मकानों पर कार्रवाई करने के लिए प्रवर्तन टीम को पत्र लिखकर आग्रह किया गया है। आरोप है कि बिल्डिंग प्लान के नियमों का उल्लंघन कर इन मकानों का निर्माण किया गया है। इस महीने के अंत निगम अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा।

नगर निगम ने अपने क्षेत्र के कॉलोनियों का वर्ष 2017 से ऑनलाइन नक्शा पास करने शुरू कर दिया था। चार सालों में 1700 से अधिक नक्शा पास किए गए। इसमें पटेल नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, झाड़सा, कादीपुर,शक्ति पार्क, शिवाजी नगर, शंकर विहार, दौलताबाद, लक्षमण विहार, सूरत नगर फेज-2, टेकचंद नगर और विजय विहार कॉलोनी, भीम कॉलोनी गुरुग्राम, हरि नगर एक्सटेंशन पार्ट 1 व 2, श्रीराम कॉलोनी, देवीलाल एक्सटेंशन, न्यू ज्योति पार्क कॉलोनी, पटेल नगर एक्सटेंशन, शिव नगर, विकास नगर समेत अन्य कॉलोनी शामिल हैं। नगर निगम के एटीपी सिद्धार्थ खंडेवाल ने बताया कि इनमें से केवल 18 लोगों ने कब्जा प्रमाणपत्र लिया है। करीब 1700 लोगों ने कब्जा प्रमाणपत्र नहीं लिया। जांच में सामने आया है कि इन मकानों का निर्माण बिल्डिंग प्लान के नियमों का उल्लंघन करके किया गया। ऐसे घरों में रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

अवैध निर्माण पर लगेगा अंकुश

नगर निगम के अनुसार ओसी को अनिवार्य किए जाने से अवैध निर्माण पर अंकुश लग सकेगा। घर के बाहर रास्ते पर किए जाने वाले अतिरिक्त निर्माण नहीं हो सकेगा। इससे रोजाना मिल रही अतिक्रमण की शिकायतें भी कम हो सकेंगी। इसके अलावा मानकों के मुताबिक ही निर्माण होगा। इमारत के गिरने सहित अन्य दिक्कतें दूर होंगी।

निगम को करोड़ों का नुकसान

कॉलोनियों में मकान का नक्शा पास कराने के बाद ओसी नहीं लेने से नगर निगम को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। ओसी आवेदन के वक्त आने वाली फीस नहीं मिल रही है। अधिकारियों का कहना है कि नक्शा पास कराने के बाद मकान मालिक अतिरिक्त निर्माण करा लेते हैं। ऐसे में नक्शे से अतिरिक्त निर्माण होने पर ओसी नहीं दिया जा सकता।

नक्शा पास नहीं कराने वालों पर सख्ती:

नगर निगम के एटीपी सिद्धार्थ खंडेवाल ने कहा निगम सदन की हुई बैठक में नक्शा पास नहीं कराने वालों पर भी कार्रवाई की निर्देश दिए गए थे। इसमें नक्शे के अतिरिक्त निर्माण पर नजर रखने को कहा गया, लेकिन निगम के प्रवर्तन टीमों के सुस्त रवैये के कारण अवैध निर्माण पर रोक नहीं लग पा रही है। इनका कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में ओसी नहीं लेने वालों पर सख्ती लेने का फैसला किया गया है। जिन मकानों ने ओसी नहीं लिया है उन मकानों को अवैध घोषित कर कार्रवाई की जाए।

सीलिंग होगी

नगर निगम के एसटीपी संजीव मान ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में ओसी नहीं लेने वालों मकानों की सीलिंग होगी। इसके लिए प्रवर्तन टीम को निर्देश दिए गए हैं। बिना नक्शा पास कराए मकान अवैध माना जाएगा। अभी सरकार ने निगम क्षेत्र में नक्शा पास कराने को और सरल बनाया है। 24 घंटे के अंदर नक्शा पास हो जाते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें