Gurgaon News: अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ नोटिसों तक सिमटी
Gurgaon News: - बीते करीब चार साल में छह हजार अवैध निर्माणों को निगम ने दिया है नोटिस अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई नोटिसों तक सिमटी

Gurgaon News: गुरुग्राम, कृष्ण कुमार। साइबर सिटी गुरुग्राम में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन के दावों की पोल सुप्रीम कोर्ट में पेश की गई एक रिपोर्ट ने खोल दी है। पिछले चार वर्षों के दौरान शहर में छह हजार से अधिक अवैध निर्माणों के खिलाफ तोड़ने के नोटिस तो जारी किए गए, लेकिन धरातल पर कार्रवाई के नाम पर महज 220 इमारतों पर ही की गई। बाकी की हजारों अवैध इमारतें आज भी जस की तस खड़ी हैं और निगम अधिकारी केवल नोटिस देकर अपनी खानापूर्ति करने में जुटे हैं। बता दें कि शहर में बेलगाम बढ़ते अवैध निर्माणों के मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त रुख अपनाए हुए है। अदालत में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार सालों में निगम ने लगभग छह हजार अवैध निर्माणों को चिन्हित कर तोड़ने के नोटिस थमाए थे। लेकिन जब कार्रवाई की बात आई, तो नगर निगम अमला केवल 228 मामलों में ही तोड़फोड़ की कार्रवाई कर पाया। निगम की इस सुस्त और लचर कार्यप्रणाली को लेकर अब आगामी 23 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में फिर से सुनवाई होनी है, जिसे लेकर प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मचा हुआ है。
कागजी नोटिसों की खानापूर्ति और पोर्टल के दावे हवा हवाई
सूत्रों का कहना है कि नगर निगम अवैध निर्माणों पर नकेल कसने के बजाय केवल नोटिस जारी करके अपनी फाइलें बंद कर रहा है। शहर में स्थिति यह है कि नोटिस देने के बाद अवैध निर्माणकर्ताओं पर कोई कानूनी शिकंजा या भौतिक कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। भवनों के नक्शे पास करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज भी अधिकतर नक्शे पुराने और साधारण तरीकों से ही पास किए जा रहे हैं। निगम द्वारा खुद का आधुनिक पोर्टल बनाने का दावा भी पूरी तरह से कागजी साबित हुआ है, जिससे आम जनता को योजनाओं का लाभ ऑनलाइन मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महज छह जूनियर इंजीनियरों के भरोसे 36 वार्ड
गुरुग्राम जैसे तेजी से फैलते और विशाल महानगर के 36 वार्डों की कमान संभालने के लिए नगर निगम के पास बुनियादी अमले की भारी कमी है। पूरे शहर में अवैध निर्माणों की रोकथाम और प्लानिंग की जिम्मेदारी सिर्फ छह जूनियर इंजीनियरों के कंधों पर डाल रखी है। अस्थायी और जुगाड़ की व्यवस्था के सहारे चल रहे इस विभाग के पास न तो पर्याप्त फोर्स है और न ही अवैध निर्माणों को रोकने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना। शहरवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए नगर निगम प्रशासन को अवैध निर्माणों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव और राजनीतिक दबाव के कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा मिलेनियम सिटी का कंक्रीट का यह जंगल शहर के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह तबाह कर देगा।
जटिल प्रक्रिया के कारण बढ़ रहे अवैध निर्माण
नगर निगम गुरुग्राम में भवनों के नक्शे पास के लिए कोई भी ऐप या पोर्टल नहीं है। निगम में मई 2025 से लेकर अब तक बंद हुआ पोर्टल शुरू नहीं हो सका है। यहीं कारण है कि अब शहर में भवनों के नक्शे पास के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि डिजिटल का जमाना होने के बाद भी निगम में भवनों के नक्शे पास साधारण फाइलों पर हो रहे हैं। निगम रिकॉर्ड के अनुसार एक साल में करीब 423 भवनों के नक्शे पास हो पाए हैं। जटिल प्रक्रिया के कारण लोग भवनों के नक्शे पास करवाने की बजाय अवैध तरीके से ही भवन बनाना आसान समझते हैं।
भवनों के नक्शे पास के लिए पहला पोर्टल बंद हो गया है। अब साधारण तरीके से भवनों के नक्शे पास किए जा रहे हैं।
- संजीव मान, मुख्य योजनाकार अधिकारी, नगर निगम, गुरुग्राम


