आईआईटी-एनआईटी की तैयारी का मौका
हरियाणा शिक्षा विभाग की सुपर-100 योजना के तहत 10वीं कक्षा के मेधावी छात्रों के लिए पंजीकरण 9 फरवरी तक चलेगा। लेवल-1 परीक्षा 11 फरवरी को होगी, और परिणाम 15 मार्च को घोषित किया जाएगा। अब तक गुरुग्राम जिले से 2578 छात्रों ने आवेदन किया है, जिनमें से 1482 गुरुग्राम ब्लॉक से हैं।

- सुपर-100 के लिए 9 फरवरी तक पंजीकरण, 11 को होगी लेवल-1 परीक्षा, परिणाम 15 मार्च को होगा घोषित - गुरुग्राम ब्लॉक सबसे आगे, सोहना-फर्रुखनगर से भी बड़ी संख्या में आवेदन - 10वीं कक्षा के मेधावी छात्र ले सकेंगे सुपर-100 योजना में हिस्सा, चयनित छात्रों को मिलेगी विशेष कोचिंग और मार्गदर्शन - लेवल-2 परीक्षा अप्रैल में, 30 अप्रैल को आएगा परिणाम गुरुग्राम, संवाददाता। हरियाणा शिक्षा विभाग की सुपर-100 योजना के तहत जिले के मेधावी छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना के अंतर्गत पंजीकरण की प्रक्रिया 9 फरवरी तक चलेगी, जबकि लेवल-1 की परीक्षा 11 फरवरी को आयोजित की जाएगी।
इस योजना के माध्यम से छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और आईआईआईटी जैसी संस्थाओं में प्रवेश के लिए बेहतर तैयारी कराई जाती है। गुरुग्राम जिले से अब तक बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुग्राम ब्लॉक से 1482 छात्रों ने आवेदन किया है। वहीं सोहना ब्लॉक से 411, फर्रुखनगर ब्लॉक से 367 और पटौदी ब्लॉक से 318 आवेदन आए हैं। इस प्रकार जिले से कुल 2578 छात्रों ने मंगलवार तक सुपर-100 योजना में शामिल होने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र ने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम में वही छात्र भाग ले सकते हैं जो वर्तमान में दसवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं और फरवरी-मार्च में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे हैं। आवेदन करने के लिए छात्रों का नौवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को समान अवसर प्रदान करना है। लेवल-1 की परीक्षा वस्तुनिष्ठ आधार पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा गणित विषय से संबंधित होगी, जिसमें आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। शिक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 15 मार्च को घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित छात्रों की लेवल-2 परीक्षा 2 अप्रैल को आयोजित होगी, जिसका परिणाम 30 अप्रैल को जारी किया जाएगा। चयनित छात्रों को आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन और कोचिंग दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




